UP Election 2027 से पहले गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी को दिया खुला चैलेंज

उत्तर प्रदेश में 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश में किसी गठबंधन के बिना, अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी है। गिरिराज सिंह ने दावा किया कि राहुल गांधी की राजनीतिक साख लगातार गिर रही है। इसके साथ ही उन्होंने बिहार के मुद्दों, ‘इंडिया’ गठबंधन में ममता बनर्जी की भूमिका और सोनिया गांधी के बयानों को लेकर भी विपक्ष को आड़े हाथों लिया।
‘भ्रम और अराजकता फैलाने की कोशिश’
राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, “राहुल गांधी की साख इतनी गिर गई है कि मैं चुनौती के साथ कहता हूं कि अगर हिम्मत है तो उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ के दिखा दें।”
बिहार के घटनाक्रम का हवाला देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने जिलों का दौरा किया, लेकिन चुनाव आयोग के सामने एक भी नाम या ठोस तथ्य पेश नहीं कर सके। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग द्वारा बार-बार कहे जाने के बावजूद इन नेताओं ने केवल देश में भ्रम और अराजकता का माहौल खड़ा करने का प्रयास किया।
ममता बनर्जी और सोनिया गांधी पर तीखा प्रहार
‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शामिल होने पर तंज कसते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि चुनाव से पहले वह साथ नहीं आती थीं, लेकिन आज वह इसलिए परेशान हैं क्योंकि बांग्लादेशियों के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन में शामिल सभी दल अपने-अपने निजी सियासी कारणों से एक मंच पर इकट्ठा हुए हैं।
वहीं, सोनिया गांधी द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार विपक्ष के असली इरादे को पहले ही भांप गए थे। उन्हें समझ आ गया था कि यह विपक्षी एकता की मुहिम नहीं, बल्कि केवल राहुल गांधी की ताजपोशी का इंतजाम है। गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार पर सवाल खड़े करके वास्तव में बिहार की जनता का अपमान किया गया है।

