Arnab Live: विशाखापत्तनम में पेड़ उखड़े, सड़कें बाधित, राहत टीमें अलर्ट

eaa3d3e3-0208-4dbf-8cad-f3a1a7b18dfb
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

बंगाल की खाड़ी से उठा भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ (Cyclone Arnab) ने आंध्र प्रदेश के तटों पर अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस तूफान का केंद्र बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यनम के दक्षिण में स्थित है, और लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है। तूफान के प्रभाव से तटीय इलाकों में 115-125 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं, जिनके झोंके 140 किमी/घंटा तक पहुंच रहे हैं।

अगले एक घंटे में प्रवेश करेगा ‘वॉल क्लाउड’

मौसम विभाग ने बताया है कि लैंडफॉल की प्रक्रिया पूरी करने के लिए तूफान के ‘वॉल क्लाउड’ (Wall Cloud) क्षेत्र का पिछला हिस्सा अगले 1 घंटे में पूरी तरह तटीय इलाके में प्रवेश कर जाएगा। पश्चिम गोदावरी (कोनसीमा), काकीनाडा और यानम के तटों के साथ-साथ आसपास के समुद्री क्षेत्रों में इसका सबसे ज्यादा प्रभाव देखने को मिल रहा है।

कई जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा

तूफान के साथ हो रही भारी बारिश के कारण IMD ने अगले 6 घंटों के भीतर अनाकापल्ली, श्री अल्लूरी सीताराम राजू, काकीनाडा, विशाखापत्तनम और विजयनगरम जिलों में गंभीर फ्लैश फ्लड (Flash Flood) का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 से 36 घंटों तक इन इलाकों में बाढ़ का जोखिम बना रहेगा।

कहां कितनी बारिश?

चक्रवात के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई हिस्सों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है:

  • विशाखापत्तनम: 217 मिमी

  • कालींगपट्टनम: 147 मिमी

  • तूनी: 123 मिमी

  • काकीनाडा: 118 मिमी

  • मछलीपट्टनम: 115 मिमी

  • गोपालपुर: 94 मिमी

  • पुरी (ओडिशा): 72 मिमी

समुद्र का पानी घुसा घरों में, रास्ते कटे

काकीनाडा और विशाखापत्तनम (आरके बीच) में समुद्र की उफनती लहरें कहर बरपा रही हैं। अगले तीन घंटों में आंध्र प्रदेश के निचले इलाकों में ज्वार के सामान्य स्तर से 1 से 1.5 मीटर ऊपर तक समुद्री पानी भरने की आशंका है। काकीनाडा के तटीय रिहायशी इलाकों में घरों के अंदर पानी घुस जाने से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और कई परिवार संकट में हैं। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए हैं और बिजली की लाइनें टूट गई हैं।

तूफान अर्नब की लैंडफॉल प्रक्रिया के चलते काकीनाडा से उप्पाडा गांव की ओर जाने वाला तटीय रास्ता पूरी तरह से कट गया है, जिससे उप्पाडा पहुंचने के लिए लोगों को करीब 40 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। विजयवाड़ा में भी गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो रही है और प्रशासन ने लोगों से पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।

ओडिशा और बंगाल में भी उथल-पुथल

चक्रवात अर्नब का असर पड़ोसी राज्यों में भी दिख रहा है। ओडिशा के मोहना में गिरे पेड़ों को फायर सर्विस की टीम ने रास्ते से हटाकर साफ किया, जहां बचाव कार्य अब भी जारी है। वहीं, पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर स्थित दीघा बीच पर भी समुद्र में उथल-पुथल देखने को मिल रही है और तेज हवाएं चल रही हैं। प्रशासन ने सभी तटीय इलाकों में लोगों को घरों के अंदर ही सुरक्षित रहने की सलाह दी है।