व्यापारियों की नाराजगी, दीपके बोले, ज्ञानेश कुमार को हटाना अपराध नहीं

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन को लेकर राजधानी के दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस (CP) में हलचल बढ़ गई है। एक तरफ जहां CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने CEC को पद से हटाने की अपनी मांग दोहराते हुए साफ किया कि उनका मकसद सत्ता बदलना नहीं है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय व्यापारियों के संगठन ने कारोबार पर असर का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों से कनॉट प्लेस से दूर रहने की दो टूक अपील की है।
‘कनॉट प्लेस आपका मंच नहीं, हमारा कार्यस्थल है’: व्यापारी संगठन
न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने राजनीतिक दलों और विभिन्न छात्र व सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अपने विरोध प्रदर्शनों के जरिए कनॉट प्लेस के सामान्य कामकाज को बाधित न करें।
व्यापारी संगठन ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, “सभी राजनीतिक दलों और प्रदर्शनकारियों से अपील है कि हम आपके विरोध करने तथा अपनी आवाज उठाने के लोकतांत्रिक अधिकार का सम्मान करते हैं। लेकिन कनॉट प्लेस आपका राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि हमारा कार्यस्थल है। इसलिए कृपया अपने प्रदर्शन को कहीं और आयोजित करें।” व्यापारियों की इस अपील के पीछे मुख्य चिंता त्योहारी और कारोबारी दिनों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने और सुरक्षा व्यवस्था के चलते लगने वाले जाम को लेकर है।
‘हम सत्ता परिवर्तन नहीं चाहते, बस निष्पक्ष चुनाव आयुक्त दें’: अभिजीत दीपके
उधर, CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने रुख को साफ करते हुए कहा कि उनके आंदोलन को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
दीपके ने कहा, “हम बस इतना कह रहे हैं कि ज्ञानेश कुमार को हटा दें और किसी और को नियुक्त करें। हम यह नहीं कह रहे कि हम सत्ता बदलना चाहते हैं।” उन्होंने आगे सवाल उठाते हुए कहा, “हम बस इतना कह रहे हैं कि ज्ञानेश कुमार—जो अपने साथी चुनाव आयुक्तों की बात तक नहीं सुन रहे हैं—उन्हें हटा दें और एक स्वतंत्र व निष्पक्ष तरीके से नए चुनाव आयुक्त की नियुक्ति करें। क्या यह कोई अपराध है?”
सेंट्रल पार्क में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क हैं, ताकि व्यापारिक केंद्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में रहे।

