लव-स्काउट के रिश्ते पर रोहित ने उठाए सवाल? क्या मैरी कॉम भी होंगी बेघर?

रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ (Bigg Boss 20) का इस हफ्ते का ‘वीकेंड का वार’ काफी एक्शन से भरा होने वाला है। इस बार सलमान खान की जगह मशहूर फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी शो को होस्ट कर रहे हैं। मेकर्स द्वारा जारी किए गए प्रोमो से साफ है कि रोहित शेट्टी ने आते ही घर के सदस्यों की क्लास लगानी शुरू कर दी है। उन्होंने साफ कर दिया है कि एलिमिनेशन के लिए रविवार तक का इंतजार नहीं किया जाएगा और शनिवार के एपिसोड में ही नॉमिनेटेड सदस्यों की ‘दो लाइफ’ छीन ली जाएंगी।
इसके साथ ही रोहित शेट्टी ने काजी-आसिफ के झगड़े और लव गिल-स्काउट के कथित ‘भाई-बहन’ के रिश्ते को लेकर भी तीखे सवाल किए हैं।
आज ही छिनेंगी 2 लाइफ, एलिमिनेशन तय
प्रोमो वीडियो में रोहित शेट्टी कंटेस्टेंट्स से कहते हैं कि उनके आने पर कुछ तो हंगामा होना चाहिए। इसके बाद वह सीधे एलिमिनेशन की प्रक्रिया शुरू करते हैं। इस हफ्ते घर से बेघर होने के लिए उदिति सिंह, आम्रपाली दुबे, मनीष गोयल, कुशल तंवर (गुल्लू), लव गिल, अरिशफा खान और मैरी कॉम नॉमिनेटेड हैं। रोहित ने ऐलान किया कि आज ही दो लाइफ लाइन खत्म होंगी। गेम के नियम के मुताबिक, जिस सदस्य के पास दो लाइफ हैं, उसकी एक लाइफ कम हो जाएगी और जिसकी सिर्फ एक लाइफ बची है, वह सीधा शो से बाहर हो जाएगा।
मैरी कॉम पर लटकी एलिमिनेशन की तलवार
मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया ट्रेंड्स के मुताबिक, इस हफ्ते नॉमिनेटेड सदस्यों में गुल्लू और अरिश्फा खान को सबसे ज्यादा वोट मिले हैं। वहीं, मैरी कॉम और मनीष गोयल बॉटम टू में बताए जा रहे हैं। मैरी कॉम के पास फिलहाल सिर्फ एक लाइफ बची है। कम वोट्स के आधार पर अगर मैरी कॉम और मनीष की लाइफ जाती है, तो मैरी कॉम को घर से बेघर होना पड़ेगा, जबकि मनीष की एक लाइफ कम हो जाएगी। सोशल मीडिया पर भी यह खबर तेजी से वायरल है कि इस हफ्ते मैरी कॉम का सफर खत्म हो सकता है।
लव और स्काउट के ‘रिश्ते’ पर भड़के रोहित
एलिमिनेशन के अलावा रोहित शेट्टी ने लव गिल और स्काउट के रिश्ते को लेकर भी सीधा हस्तक्षेप किया। प्रोमो में रोहित लव से पूछते हैं कि स्काउट उनके क्या लगते हैं। लव के यह कहने पर कि वह स्काउट को अपना भाई मानती हैं, रोहित ने उन्हें टोकते हुए कड़े शब्दों में कहा कि कंबल के अंदर हाथ-पैर दबाना और गर्दन सहलाना भाई-बहन का रिश्ता नहीं लगता।
होस्ट ने याद दिलाया कि पिछले हफ्ते सलमान खान ने भी इस बात को लेकर हिंट दिया था। जब स्काउट ने इस मुद्दे पर सफाई देने की कोशिश की, तो रोहित भड़क गए और कहा कि वे दोनों जो कर रहे हैं वह नेशनल टेलीविजन पर बिल्कुल अच्छा नहीं दिख रहा है। दर्शक सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को बेबाकी से उठाने के लिए रोहित शेट्टी की तारीफ कर रहे हैं।
काजी-आसिफ विवाद और पिछला एलिमिनेशन
आज के एपिसोड में रोहित शेट्टी ने काजी और आसिफ के बीच हुई तीखी बहस का मुद्दा भी उठाया। प्रोमो में वह आसिफ से सवाल करते हुए उन्हें कड़ी फटकार लगाते दिख रहे हैं।
पिछले हफ्ते की बात करें तो, कम वोटों के कारण अमन गांधी को शो से बाहर होना पड़ा था। उस दौरान भी मैरी कॉम बॉटम थ्री में शामिल थीं। आज रात के वीकेंड का वार एपिसोड के टेलीकास्ट होने के बाद ही आधिकारिक तौर पर साफ हो पाएगा कि बिग बॉस के घर से इस हफ्ते कौन बेघर हुआ है।

