तीसरी बार BJP सरकार बनी तो UCC लागू करेंगे: अमित शाह का बड़ा ऐलान

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना बड़ा चुनावी कार्ड चल दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को लखनऊ में आयोजित बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर राज्य में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनती है, तो उत्तर प्रदेश में भी यूसीसी लागू कर दिया जाएगा।
अमित शाह का यूसीसी पर बड़ा बयान
बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, “देश के कई प्रदेशों में यूसीसी लागू हो चुका है। उत्तर प्रदेश में आप तीसरी बार बीजेपी सरकार बना दो, इसे यहां भी हम लागू करेंगे।” उनके इस बयान ने यूपी के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है और इसे आगामी चुनावों के लिए बीजेपी के एक बड़े हिंदुत्व एजेंडे के तौर पर देखा जा रहा है।
अखिलेश यादव का पलटवार: ‘बड़ी देर कर दी मेहरबां…’
अमित शाह के इस बयान पर जब समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से सवाल किया गया, तो उन्होंने शायराना अंदाज में तंज कसा। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, “बड़ी देर कर दी, मेहरबां आते-आते।”
‘यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है’
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए बीजेपी को उत्तर प्रदेश में अजेय बताया। उन्होंने कहा, “यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है। उसे कोई नहीं हिला सकता है। आप कमर कस लो, अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखो। हमें फिर से सरकार बनानी है।”
2014 और 2017 की जीतों का किया जिक्र
अपने संबोधन में शाह ने पिछले चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन को भी याद किया। उन्होंने कहा, “2014 में हमारे पास केवल 44 विधायक थे और काफी निराशा का माहौल था। मैं तहसील स्तर तक गया। एक बार जब संगठन ठीक हो गया, तो हमने 2014 के लोकसभा चुनाव में यूपी में 41 प्रतिशत वोट के साथ 73 सीटें जीतीं।”
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए शाह ने 2017 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “2017 में नोटबंदी हुई थी, तो अखिलेश को रात भर नींद नहीं आई थी। इसके बावजूद हमने 40 प्रतिशत वोट लेकर 312 सीटें जीती थीं।”

