ट्रंप को हमले के लिए मनाने में जुटे नेतन्याहू? फोन कॉल की रिपोर्ट ने खोली अंदरूनी खींचतान

trump
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई शुरू करने के मुद्दे पर अमेरिका और इजरायल के बीच मतभेद गहराते जा रहे हैं। नई रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच हाल ही में फोन पर बातचीत हुई, जो काफी ‘तल्ख और उग्र’ हो गई थी।

एनडीटीवी ने इजरायली न्यूज वेबसाइट ‘Ynet News’ के हवाले से बताया है कि ईरान पर हमले के मुद्दे को लेकर दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई।

इजरायल पीएमओ ने दावों को किया खारिज

फोन कॉल पर हुए इस कथित विवाद की रिपोर्ट्स के सामने आते ही इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने तुरंत मोर्चा संभाला। नेतन्याहू के कार्यालय ने वाईनेट न्यूज के इन दावों को ‘फेक न्यूज और पूरी तरह से बकवास’ करार दिया।

हालांकि, एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी ने दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत होने की पुष्टि जरूर की, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान किसी भी तरह की तीखी तकरार नहीं हुई थी।

नेतन्याहू लगातार बना रहे हैं दबाव

यह पहला मौका नहीं है जब दोनों नेताओं के बीच असहमति की खबरें आई हैं। इससे पहले जून में भी दोनों के बीच तीखी फोन वार्ताएं हो चुकी हैं, जिसका जिक्र खुद ट्रंप ने एक इंटरव्यू में किया था।

हाल ही में ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ की एक रिपोर्ट में भी बड़ा खुलासा हुआ था कि नेतन्याहू ईरान पर फिर से हमले शुरू करने के लिए ट्रंप को लगभग रोजाना फोन करके दबाव बना रहे हैं। नेतन्याहू की इस लगातार लॉबिंग से अरब और मुस्लिम देशों के नेता भी चिंतित हैं और वे ट्रंप को युद्ध न भड़काने की सलाह दे रहे हैं।

ईरान को लेकर दोनों देशों का अलग रुख

नेतन्याहू और ट्रंप का ईरान को लेकर रुख फिलहाल अलग-अलग नजर आ रहा है:

  • नेतन्याहू का आक्रामक रुख: मंगलवार को इजरायली संसद में बोलते हुए नेतन्याहू ने दावा किया कि ईरान अपनी परमाणु क्षमताओं को फिर से खड़ा कर रहा है। उन्होंने खुले तौर पर कहा, “अयातुल्ला सरकार को उखाड़ फेंकना ही इस अस्तित्व के संकट का एकमात्र स्थायी समाधान है।” उन्हें अंदेशा है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इजरायल पर परमाणु-संपन्न ईरान को स्वीकार करने का दबाव बनाएगा।

  • ट्रंप की कूटनीतिक रणनीति: दूसरी ओर, डोनाल्ड ट्रंप ने नेतन्याहू के भारी दबाव के बावजूद ईरान पर तत्काल सैन्य कार्रवाई करने से दूरी बनाए रखी है। ट्रंप का पूरा जोर ईरान पर कड़े आर्थिक और कूटनीतिक प्रतिबंध लगाने पर है और वे पहले भी संकेत दे चुके हैं कि उनका ईरान के खिलाफ दोबारा युद्ध छेड़ने का कोई इरादा नहीं है।