बेटी को लेकर हुई टिप्पणी से नाराज जय, बोले- अब बच्चे नहीं देखेंगे बिग बॉस

mahi
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

सलमान खान के विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में ड्रामा और झगड़े थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हर दिन कंटेस्टेंट्स के बीच तीखी बहस और तल्खियां देखने को मिल रही हैं। हाल ही में शो में एक बड़ा बखेड़ा तब खड़ा हो गया, जब कैप्टेंसी टास्क के दौरान माही विज को निशाना बनाया गया और उनकी 7 साल की बेटी तारा को भी इस गंदे गेम में घसीट लिया गया। अब इस पूरे विवाद पर माही विज के एक्स-हस्बैंड और मशहूर टीवी एक्टर जय भानुशाली का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखकर बिग बॉस के कंटेस्टेंट्स की जमकर क्लास लगाई है।

टास्क के नाम पर बेटी का जिक्र

दरअसल, ‘बिग बॉस 20’ के लेटेस्ट एपिसोड में एक कैप्टेंसी टास्क हुआ था। इसमें माही विज को एक कुर्सी पर ‘रोबोट’ बनकर बैठना था और उन्हें कोई रिएक्शन नहीं देना था। दूसरी तरफ, बाकी कंटेस्टेंट्स को माही से रिएक्शन निकलवाने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी कोशिश में कुछ कंटेस्टेंट्स सारी हदें पार कर गए और उन्होंने माही की बेटी तारा का जिक्र छेड़ दिया। हालांकि, माही ने टास्क में खुद पर कंट्रोल रखा और कोई रिएक्शन नहीं दिया, लेकिन घर के बाहर बैठे पिता जय भानुशाली इस हरकत को बर्दाश्त नहीं कर पाए।

‘बच्चों को अब बिग बॉस नहीं देखने दूंगा’

जय भानुशाली ने अपने इंस्टाग्राम पर माही विज और बच्चों के साथ कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए एक कड़ा संदेश लिखा। उन्होंने कैप्शन में साफ कहा, “बिग बॉस में सब कुछ देखने के बाद, एक पिता के तौर पर मैंने यह फैसला लिया है कि मैं अब अपने बच्चों को बिग बॉस नहीं देखने दूंगा। मैंने तय किया था कि मैं किसी के गेमप्ले पर बात नहीं करूंगा, न ही किसी कंटेस्टेंट के बारे में अपनी कोई राय दूंगा, बस जहां जरूरत होगी, वहां माही को सपोर्ट करूंगा।”

जय भानुशाली ने इन कंटेस्टेंट्स को लगाई लताड़

एक्टर ने शो के कुछ कंटेस्टेंट्स को नाम लेकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा, “सिर्फ एक टास्क के लिए यंग डीएसए का यह कहना कि मेरे बच्चे बड़े होकर अपनी मां की हरकतों पर शर्मिंदा होंगे, कनिका का यह कहना कि वह कभी माही के बच्चों से नहीं मिलना चाहेगी और लव गिल की मां का मेरी बेटी को बातचीत में घसीटना… यह सब बिल्कुल बकवास है।”

‘गेम खेलो, लेकिन बच्चों और मातृत्व को मत घसीटो’

जय ने आगे लिखा कि तारा अभी सिर्फ 7 साल की बच्ची है, वह बिग बॉस की कंटेस्टेंट नहीं है। किसी को नीचा दिखाने के लिए एक बच्चे को बीच में लाना पूरी तरह से गलत है।

उन्होंने तीखे शब्दों में कहा, “बिग बॉस एक गेम है। आप माही से असहमत हो सकते हैं, उसके गेमप्ले पर सवाल उठा सकते हैं, लेकिन उसके बच्चों, उसके मातृत्व (motherhood) और उसकी निजी जिंदगी को इसमें लाना हद पार करने जैसा है। एक पिता के तौर पर मैं नहीं चाहता कि मेरे बच्चे इस ट्रॉमा के साथ बड़े हों कि माही को नीचा दिखाने के लिए हर बात में तारा का नाम लिया जाता है।”

अपने पोस्ट के अंत में जय भानुशाली ने साफ कर दिया कि दूसरों के लिए यह शो सिर्फ मनोरंजन हो सकता है, लेकिन उनके लिए यह बहुत निजी मामला है और उनके बच्चों की शांति और मासूमियत हमेशा सबसे ऊपर रहेगी।