हांगकांग और सिंगापुर में गोल्ड हब की जंग, जानिए किसकी क्या है तैयारी

सिंगापुर ने विदेशी केंद्रीय बैंकों के लिए अपना नेशनल गोल्ड वॉल्ट (सोने का खजाना) खोल दिया है। इस बड़े कदम के बाद एशिया के प्रमुख बुलियन (सोना-चांदी) हब के खिताब के लिए सिंगापुर और हांगकांग के बीच सीधी टक्कर तेज हो गई है।
मॉनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर (MAS) ने मंगलवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि वह अब विदेशी केंद्रीय बैंकों, अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों और सॉवरेन संस्थाओं के लिए अपने करेंसी वॉल्ट में सोने का भंडारण करेगा। इस सुविधा की मौजूदा क्षमता 500 टन है, जिसे भविष्य में और बढ़ाया जा सकता है।
कई केंद्रीय बैंकों ने दिखाई दिलचस्पी
अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्राधिकरण के अध्यक्ष और सिंगापुर के उप प्रधानमंत्री गान किम योंग ने बताया कि कई केंद्रीय बैंकों ने पहले ही सिटी-स्टेट (सिंगापुर) में अपना सोना सुरक्षित रखने में दिलचस्पी दिखाई है। हालांकि, उन्होंने किसी देश या बैंक का नाम बताने से इनकार कर दिया।
सिंगापुर एक्सचेंज पर शुरू होगी ट्रेडिंग
सिंगापुर ने इस योजना को अमलीजामा पहनाने की पूरी टाइमलाइन भी तय कर ली है।
-
संस्थागत सोने के व्यापार के लिए ‘सिंगापुर एक्सचेंज क्लियरिंग सिस्टम’ के इस साल के अंत तक तैयार होने की उम्मीद है।
-
2027 की पहली तिमाही (Q1) तक लाइव ट्रेडिंग शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
-
2027 की दूसरी तिमाही में 1 किलोग्राम (2.2lb) के फिजिकल गोल्ड बार में सेटल होने वाले गोल्ड फ्यूचर्स (Gold Futures) भी शुरू किए जाएंगे।
इसके अलावा, अप्रैल 2027 में एक नया टैक्स फ्रेमवर्क लागू होने की उम्मीद है। इसमें संस्थागत खिलाड़ियों (Institutional players) के बीच होने वाले वॉल्टिंग और रिफाइनिंग जैसी चुनिंदा सेवाओं को ‘गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स’ (GST) से छूट दी जाएगी।
हांगकांग यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के ‘इंस्टीट्यूट फॉर फाइनेंशियल रिसर्च’ के प्रमुख तांग बो ने बताया कि सिंगापुर स्टोरेज, ट्रेडिंग, क्लियरिंग और फाइनेंशियल सेवाओं को मिलाकर एक इंटीग्रेटेड गोल्ड मार्केट बना रहा है, जिससे हांगकांग के साथ उसकी प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ जाएगी।
हांगकांग के पास क्या हैं फायदे?
विश्लेषकों का मानना है कि इस कड़ी चुनौती के बावजूद हांगकांग के पास कई महत्वपूर्ण रणनीतिक फायदे हैं:
-
तेजी से बढ़ता सेटलमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर: हांगकांग का ढांचा तेजी से फैल रहा है।
-
चीन से सीधी कनेक्टिविटी: हांगकांग की मेनलैंड चीन (दुनिया का सबसे बड़ा सोना उपभोक्ता) के साथ गहरी कनेक्टिविटी है।
-
फिजिकल डिलीवरी इकोसिस्टम: वहां सोने की फिजिकल डिलीवरी का एक मजबूत और स्थापित इकोसिस्टम पहले से मौजूद है।
T.O. & Associates Consultancy के प्रबंध निदेशक टॉमी ओंग ने कहा कि जुलाई से शंघाई गोल्ड एक्सचेंज के साथ हुई एक व्यवस्था के तहत प्रतिभागी दोनों बाजारों में व्यापार निपटाने के लिए अपनी गोल्ड होल्डिंग का उपयोग कर सकते हैं। ओंग के मुताबिक, इससे हांगकांग के प्रमाणित वॉल्ट्स में रखा सोना चीन की भारी उपभोक्ता मांग को पूरा करने के लिए बिना किसी रुकावट के मेनलैंड में जा सकता है।
ओंग ने यह भी याद दिलाया कि हांगकांग दुनिया का सबसे बड़ा ऑफशोर युआन हब है। वहां युआन मूल्य वाले सोने को ‘हांगकांग मॉनेटरी अथॉरिटी’ और ‘पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना’ के बीच स्वैप समझौतों से भरपूर लिक्विडिटी का बैकअप मिलता है।
हांगकांग का डिजिटल और ‘टोकनाइज्ड गोल्ड’ प्लान
इसी महीने की शुरुआत में हांगकांग के वित्तीय सेवाओं और ट्रेजरी सचिव क्रिस्टोफर हुई चिंग-यू ने ऐलान किया था कि हांगकांग एक ‘इंटरबैंक टोकनाइज्ड गोल्ड प्रोजेक्ट’ लॉन्च करेगा। इसमें प्रत्येक डिजिटल टोकन 400-औंस के मानक गोल्ड बार का प्रतिनिधित्व करेगा। इसकी कीमत जुलाई में लॉन्च किए गए शहर के गोल्ड प्राइस बेंचमार्क ‘HAU’ के आधार पर तय होगी।
तांग बो ने कहा कि टोकनाइजेशन सोने को एक “अधिक सुलभ, हस्तांतरणीय और आर्थिक रूप से उत्पादक संपत्ति” में बदल सकता है, जिसे लंबे समय से केवल एक निष्क्रिय निवेश माना जाता रहा है। यह क्रॉस-बॉर्डर ट्रांसफर को आसान बना सकता है और वित्तीय लेनदेन में कोलैटरल (गिरवी) के रूप में काम आ सकता है।
हांगकांग ने सितंबर में अपनी पहली पंचवर्षीय योजना पेश की थी, जिसमें सोने को व्यापक कमोडिटी-ट्रेडिंग इकोसिस्टम के “प्रवेश बिंदु” (Entry Point) के रूप में नामित किया गया था। वहां जुलाई से सरकार के स्वामित्व वाले ‘सेंट्रल क्लियरिंग सिस्टम’ का परीक्षण चल रहा है, जिसे 2027 की पहली तिमाही में औपचारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा। अधिकारियों का लक्ष्य तीन साल के भीतर हवाई अड्डे के वॉल्ट की भंडारण क्षमता को 150 टन से बढ़ाकर 2,000 टन से अधिक करना है।
‘जीरो-सम गेम नहीं है यह मुकाबला’
इन दोनों बड़े वित्तीय केंद्रों के बीच इस रेस को विश्लेषक ‘जीरो-सम गेम’ (जहां एक की जीत और दूसरे की हार तय हो) नहीं मानते हैं। उनका कहना है कि एशिया में सोने की बढ़ती मांग और रिजर्व के विविधीकरण (Diversification) के कारण दोनों बाजारों के फलने-फूलने की पर्याप्त गुंजाइश है।
सिंगापुर स्थित फिनटेक कंपनी Arki Finance के सह-संस्थापक और सीईओ डेविड एनजी ने कहा, “अधिक प्रतिस्पर्धा से नवाचार (Innovation) को बढ़ावा मिलेगा, बाजार की तरलता (Liquidity) में सुधार होगा और वैश्विक स्वर्ण बाजार में एशिया की स्थिति मजबूत होगी।”

