GTA 5 के बाद अब GTA 6 की बारी, जानिए नए गेम में क्या-क्या बदलेगा

gta
अजमल शाह
अजमल शाह

चोरी की कारों, पुलिस से भागने और क्राइम वर्ल्ड पर आधारित दुनिया की सबसे मशहूर वीडियो गेम फ्रैंचाइजी ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो’ (Grand Theft Auto) का अगला चैप्टर रिलीज के लिए तैयार है। पिछले मुख्य गेम के बाद 13 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए ‘Grand Theft Auto VI’ (GTA 6) 19 नवंबर को बाजार में आ रहा है। इस बार गेमर्स को नियॉन लाइट्स से सजे वाइस सिटी (Vice City) की सड़कों पर दो नए मुख्य किरदारों के साथ एक बिल्कुल नई कहानी देखने को मिलेगी।

वाइस सिटी में वापसी और नई कहानी

इस बार एक्शन की वापसी वाइस सिटी में हो रही है, जो रॉकस्टार गेम्स (Rockstar Games) का मियामी का काल्पनिक रूप है। गेम की दुनिया सिर्फ शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि यह फ्लोरिडा से प्रेरित ‘लियोनिडा’ (Leonida) राज्य के समुद्री तटों, हाईवे, नाइटलाइफ और क्राइम वर्ल्ड तक फैली हुई है।

कहानी के केंद्र में लूसिया कैमिनोस और जेसन डुवैल हैं। लूसिया हाल ही में जेल से छूटी है, जबकि जेसन एक पूर्व सैनिक है जो लियोनिडा कीज़ में ड्रग तस्करों के साथ जुड़ गया था और अब एक नया रास्ता तलाश रहा है। अपराध की दुनिया के जरिए अपनी जिंदगी सुधारने की कोशिश कर रहे इस कपल की योजनाएं तब उलझ जाती हैं, जब एक क्रिमिनल जॉब गलत दिशा में चली जाती है। इसके बाद वे पूरे लियोनिडा में फैली एक बड़ी साजिश का हिस्सा बन जाते हैं। गेम के ट्रेलर्स से साफ है कि इसमें रोमांस, डकैती, धोखे और अमेरिकी संस्कृति पर फ्रैंचाइजी का चिर-परिचित व्यंग्य देखने को मिलेगा।

सपोर्टिंग कैरेक्टर्स और वॉयस कास्ट पर सस्पेंस

रॉकस्टार ने गेम के कई सपोर्टिंग कैरेक्टर्स से पर्दा उठाया है। इनमें बैंक लुटेरा राउल बॉतिस्ता, म्यूजिक एग्जीक्यूटिव बनने की चाह रखने वाला ड्रेक्वान प्रीस्ट और नाइटक्लब का मालिक बूबी आइक शामिल हैं। पिछले गेम (GTA V) में तीन प्लेएबल कैरेक्टर्स थे, लेकिन इस बार पूरा फोकस लूसिया और जेसन की पार्टनरशिप पर रखा गया है।

वॉयस कास्ट को लेकर रॉकस्टार ने काफी गोपनीयता बरती है। लूसिया और जेसन को आवाज देने वाले कलाकारों के नाम अब तक सामने नहीं आए हैं। ‘ऑफिस स्पेस’ और ‘बैरी’ जैसी सीरीज के लिए मशहूर एक्टर स्टीफन रूट ने गेम में शामिल होने की पुष्टि की है। सितंबर में रूट ने बताया था कि फैंस ने प्रमोशनल फुटेज में ही उनकी आवाज पहचान ली थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूट ब्रायन हेडर नाम के एक उम्रदराज ड्रग रनर को आवाज दे रहे हैं। रॉकस्टार ने किरदार से पर्दा उठा दिया है, लेकिन रूट के इस खास रोल में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

गेमिंग इंडस्ट्री पर GTA का दबदबा

1997 में एक बेहद साधारण टॉप-डाउन गेम के रूप में शुरू हुआ यह फ्रैंचाइजी आज एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का सबसे बड़ा नाम है। 2001 में ‘Grand Theft Auto III’ की रिलीज ने 3D ओपन-वर्ल्ड गेमिंग की परिभाषा ही बदल दी थी। इस सीरीज के प्रभाव ने यूबीसॉफ्ट के ‘असैसिन्स क्रीड’ (Assassin’s Creed) और निनटेंडो के ‘द लीजेंड ऑफ जेल्डा’ जैसी बड़ी गेमिंग फ्रैंचाइजी को भी ओपन-वर्ल्ड एक्सप्लोरेशन की दिशा में प्रेरित किया।

बिक्री के मामले में GTA के आंकड़े गेमिंग जगत में बेंचमार्क माने जाते हैं। पब्लिशर टेक-टू इंटरएक्टिव (Take-Two Interactive) के अनुसार, इस फ्रैंचाइजी की दुनियाभर में 47 करोड़ (470 मिलियन) से अधिक यूनिट्स बिक चुकी हैं। 2013 में आए ‘Grand Theft Auto V’ ने ही 23 करोड़ से ज्यादा की बिक्री की थी और रिलीज के महज तीन दिनों के भीतर 1 अरब डॉलर (US$1 billion) की रिटेल कमाई का रिकॉर्ड बना दिया था।

म्यूजिक में क्या है नया?

इन-गेम रेडियो स्टेशन और म्यूजिक हमेशा से इस फ्रैंचाइजी की पहचान का अहम हिस्सा रहे हैं। GTA 6 में इस परंपरा को बढ़ाते हुए ग्रैमी-विनिंग फ्रांसीसी इलेक्ट्रॉनिक जोड़ी ‘जस्टिस’ (गैसपार्ड ऑगे और जेवियर डी रोस्ने) का ओरिजिनल स्कोर शामिल किया गया है। रॉकस्टार के अनुसार, यह म्यूजिक गेम में खिलाड़ियों के एक्शन, माहौल और स्थितियों के हिसाब से खुद-ब-खुद बदलता रहेगा।

आगामी 11 दिसंबर को गेम का एक 30-ट्रैक वाला स्कोर एल्बम भी रिलीज होने वाला है। इस एल्बम में टेम इम्पाला (Tame Impala), सिज़ा (SZA), किंग गिजार्ड एंड द लिजर्ड विजार्ड और गेसाफेलस्टीन जैसे मशहूर कलाकारों का काम शामिल होगा। साथ ही, खिलाड़ियों को कार चलाते वक्त सुनने के लिए पहले की तरह कई इन-गेम रेडियो स्टेशन भी मिलेंगे।