जिस नेता को हटाकर बनीं कांग्रेस अध्यक्ष, उसी के घर जाकर सोनिया ने छुए थे पैर

sonia
अजमल शाह
अजमल शाह

कांग्रेस (Congress) संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) से हर दिन नए और दिलचस्प खुलासे हो रहे हैं। इस बार चर्चा में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी (Sitaram Kesri) हैं।

मार्च 1998 में सीताराम केसरी को जिस नाटकीय अंदाज में कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाया गया था, वह भारतीय राजनीति (Indian Politics) के इतिहास का एक चर्चित पन्ना है। लेकिन, सोनिया गांधी ने अपनी किताब में उस मशहूर प्रकरण से अलग, अध्यक्ष बनने के तुरंत बाद केसरी के साथ हुई अपनी एक बेहद भावुक और निजी मुलाकात का जिक्र किया है।

1998 का वो दिन: जब CWC ने सोनिया को सौंपी कमान

सोनिया गांधी ने किताब में 1996 के लोकसभा चुनावों का जिक्र करते हुए लिखा है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिंह राव (P.V. Narasimha Rao) के नेतृत्व में कांग्रेस की हार के बाद देश में दो बार सरकार बदली। अंततः अटल बिहारी वाजपेयी (Atal Bihari Vajpayee) के नेतृत्व में 20 दलों के गठबंधन के साथ बीजेपी (BJP) सत्ता में आई।

चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस पार्टी में बदलाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई। सोनिया लिखती हैं, “कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) ने सर्वसम्मति से फैसला किया कि नेतृत्व परिवर्तन जरूरी है। कांग्रेस अध्यक्ष सीताराम केसरी को पद छोड़ने के लिए कहा गया और 14 मार्च, 1998 को उनकी जगह मुझे पार्टी अध्यक्ष चुना गया।”

“अचानक ख्याल आया और मैं सीधे केसरी जी के घर पहुंच गई”

पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के बाद सोनिया गांधी ने जो किया, उसका जिक्र उन्होंने अपनी किताब में विस्तार से किया है।

उन्होंने केसरी जी के साथ अपनी मुलाकात को याद करते हुए लिखा:

“केसरी जी (मैं उन्हें इसी नाम से संबोधित करती थी), छह दशक से अधिक समय से कांग्रेस के सक्रिय सदस्य थे। अचानक मेरे मन में विचार आया और मैं CWC की बैठक से सीधे उनके घर चली गई। मैंने उनका अभिवादन किया और बड़ों के प्रति सम्मान प्रकट करने की भारतीय परंपरा के अनुसार उनके पैर छुए।”

हैरान रह गए केसरी, आंखों में थे आंसू

सोनिया गांधी के इस अप्रत्याशित कदम से सीताराम केसरी भी हैरान रह गए थे। सोनिया लिखती हैं, “मेरे इस तरह अचानक पहुंचने से वह हैरान रह गए, लेकिन उन्होंने मुझे आशीर्वाद दिया। उनकी आंखों में आंसू थे और उन्होंने अपना हाथ मेरे सिर पर रख दिया।”

क्या हुआ था 1998 में?

गौरतलब है कि मार्च 1998 में नई दिल्ली के 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में एक बेहद नाटकीय घटनाक्रम हुआ था। भारी गहमागहमी के बीच कांग्रेस कार्यसमिति ने सीताराम केसरी को पार्टी अध्यक्ष पद से हटा दिया था, जिसके बाद सोनिया गांधी के लिए पार्टी की कमान संभालने का रास्ता साफ हुआ था। बिहार से ताल्लुक रखने वाले केसरी 1996 से 1998 तक कांग्रेस के अध्यक्ष रहे थे। वर्ष 2000 में उनका निधन हो गया था। अब सोनिया गांधी की किताब ने उस विवादित अध्याय के बाद की इस भावुक तस्वीर को दुनिया के सामने रखा है।