सोनिया की किताब से सियासी हलचल, PM और इमरजेंसी तक पर रखी बात

modi
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

कांग्रेस (Congress) संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की हालिया प्रकाशित किताब ‘Belonging: A Journey Of Love’ (बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव) इन दिनों सियासी और साहित्यिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने जीवन, भारतीय राजनीति के सफर, और विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के साथ अपने संपर्कों का दिलचस्प जिक्र किया है। इसके अलावा, उन्होंने 1975 में इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल (Emergency) जैसे विवादित मुद्दे पर भी बेबाक राय रखी है।

PM मोदी से मुलाकातों पर: ‘ताकि आंख न मिलानी पड़े…’

किताब में प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत समीकरणों पर प्रकाश डालते हुए सोनिया गांधी ने लिखा है, “हम कभी-कभी कहीं कार्यक्रमों में मिलते हैं, जैसे स्पीकर के चैंबर में। वो जब भी मेरे सामने आते हैं तो हम एक-दूसरे को नमस्ते कहकर अभिवादन करते हैं।”

हालांकि, उन्होंने मौजूदा राजनीतिक माहौल और पुराने दौर की तुलना करते हुए एक तंज भी कसा। सोनिया ने लिखा, “यह पहले के समय से अलग है, जहां अलग-अलग पार्टियों के नेता आत्मीयता से मिलते थे। वो (पीएम मोदी) दूसरी ओर देखते हैं, ताकि आंख न मिलानी पड़े।”

‘उनमें और मुझमें कुछ भी व्यक्तिगत नहीं’

सोनिया गांधी ने वैचारिक मतभेदों का जिक्र करते हुए स्पष्ट किया कि उनके और पीएम मोदी के बीच की लड़ाई पूरी तरह से विजन (Vision) की है।

उन्होंने लिखा, “वो भारत के अपने विजन के लिए लड़ रहे थे और मैं अपने। मेरा विजन न सिर्फ वर्चस्व के खिलाफ है बल्कि एक ऐसे भारत के लिए है जो समावेश, धर्मनिरपेक्ष (Secular) और सामाजिक न्याय (Social Justice) के लिए खड़ा हो। इसमें कुछ भी व्यक्तिगत नहीं था।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि आज तक उनका पीएम मोदी के साथ कोई ‘वास्तविक संपर्क’ नहीं रहा है।

साधारण पृष्ठभूमि और दिल्ली के ‘ड्राइंग रूम’ की चर्चा

किताब में पीएम मोदी की साधारण पृष्ठभूमि (Humble Background) की भी सराहना की गई है। सोनिया ने लिखा कि दिल्ली के ड्राइंग रूम्स में होने वाली राजनीतिक चर्चाओं को लेकर मोदी की असहजता को वह भी अच्छी तरह समझ सकती थीं।

सोनिया के मुताबिक, “मुझे भी लगता था कि वहां (दिल्ली के संभ्रांत वर्ग में) जो राय रखी जा रही है, वह भारत की असलियत से बहुत दूर है।” उन्होंने यह स्वीकार किया कि मोदी निश्चित रूप से एक साधारण पृष्ठभूमि से उठकर आरएसएस (RSS) में ताकतवर बने थे।

‘आपातकाल एक गलती थी’, संजय और राजीव गांधी का किया जिक्र

न्यूज एजेंसी पीटीआई (PTI) ने ‘द गार्जियन’ के हवाले से बताया कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में 1975 के आपातकाल को एक “गलती” करार दिया है। उन्होंने लिखा कि उनका मानना है कि उनकी सास और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी (Indira Gandhi) को भी बाद में ऐसा ही महसूस हुआ था।

सोनिया गांधी ने यह भी खुलासा किया कि आपातकाल के फैसले को लेकर गांधी परिवार के भीतर गहरे मतभेद थे। उनके पति राजीव गांधी (Rajiv Gandhi) इस फैसले के सख्त खिलाफ थे और उन्होंने अपनी मां इंदिरा गांधी को अगले चुनाव तक इंतजार करने की सलाह दी थी। वहीं, छोटे बेटे संजय गांधी (Sanjay Gandhi) ने आपातकाल लगाने पर जोर दिया था।

सोनिया ने किताब में साफ लिखा है कि अगर संजय गांधी को कंट्रोल में रखा गया होता, तो आपातकाल लागू होने के बाद हुए भारी नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।