‘अयोध्या को बाहरी ठेकेदारों से मुक्त कराएंगे’, अखिलेश ने दी जांच की चेतावनी

akhilesh
महेंद्र सिंह
महेंद्र सिंह

उत्तर प्रदेश में जैसे-जैसे 2027 का विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2027) करीब आ रहा है, सियासी गलियारों में सरगर्मी तेज होने लगी है। इसी बीच, समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने अयोध्या (Ayodhya) और ‘राम मंदिर’ को लेकर कई बड़े चुनावी वादे किए हैं।

सोमवार को अखिलेश ने ऐलान किया कि अगर यूपी में उनकी सरकार बनती है, तो वे अयोध्या को ‘सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी’ (Global Capital of Sanatan Pilgrimage) में बदल देंगे। इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर के पारदर्शी प्रबंधन, विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे और अयोध्या में जमीन के सौदों में हुए कथित घोटालों की जांच कराने का भी वादा किया।

‘घट रहे हैं श्रद्धालु, हम अर्थव्यवस्था संवारेंगे’

सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपनी एक विस्तृत पोस्ट में आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़ी ‘चोरी’ के कारण अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार घट रही है, जिसका सीधा असर वहां की स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ा है।

उन्होंने लिखा, “अयोध्या नगरी के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना के लिए हम वचनबद्ध हैं। हम उसे सुधारेंगे भी और संवारेंगे भी। अयोध्या के मंदिर को पारदर्शी व्यवस्था देकर हम लोगों के विश्वास की पुनर्स्थापना करेंगे और वर्ल्ड-क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर देकर अयोध्या को सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी बनाएंगे।”

राशन में ‘तेल-घी’ देने का वादा

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में अयोध्या में घटी एक कथित घटना का जिक्र करते हुए मुफ्त राशन में बढ़ोतरी का भी वादा किया।

उन्होंने लिखा, “हम एक ऐसी अयोध्या बनाएंगे, जहां कोई भी अहंकारी, तेल बटोरती किसी गरीब स्त्री या बच्चे-बच्ची को बेंत मारकर बेइज्जत और उत्पीड़ित नहीं करेगा। हम सरकार में आकर राशन में ‘तेल-घी’ भी देकर शरीर की पौष्टिक आवश्यकताओं को पूरा करेंगे।”

बाहरी ठेकेदारों से मुक्ति और जमीन घोटालों की जांच

अखिलेश ने अयोध्या में ‘सर्किल रेट’ (Circle Rate) और जमीन की खरीद-फरोख्त में धांधली का सीधा आरोप लगाते हुए जांच का वादा किया।

सपा मुखिया ने लिखा, “हम अयोध्या को बाहरी ठेकेदारों से मुक्त कराएंगे और जमीन की जांच बैठाएंगे। बाहरी लोगों ने ही अयोध्या को लूटा है। सर्किल रेट के महाघोटाले से जुड़े भाजपाई (BJP) नेता व भ्रष्ट अधिकारी कोई भी बच नहीं पाएगा। अयोध्या की लूट से भरे उनके खजाने खंगाले जाएंगे।”

निषादराज और राम के रिश्ते का दिया हवाला उन्होंने यह भी वादा किया कि पारंपरिक नौकायन को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि पारंपरिक नाविकों को इसका लाभ मिले। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा करने से भगवान राम और निषादराज का प्रगाढ़ संबंध फिर से स्थापित होगा, जिसे “भाजपाई प्रभुत्ववाद तोड़ना चाहता है, क्योंकि वे नहीं चाहते कि राम और पीडीए (PDA) समाज के गले मिलने का कोई दृश्य याद रहे।”

धीरेंद्र शास्त्री पर बिना नाम लिए साधा निशाना

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट के अंत में बिना नाम लिए चर्चित कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ऐसी व्यवस्था बनाएगी कि कोई भी ‘दुष्मुखी व्यक्ति’ भगवान राम, भगवान कृष्ण या किसी भी धर्म के महापुरुषों का अपमान करके स्वतंत्र न घूम सके। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे लोगों और उन्हें प्रश्रय (शरण) देने वालों को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के षड्यंत्र में शामिल होने के कारण यथोचित दंड दिया जाएगा।