‘नौ सौ चूहे खाकर मंदिर जा रहे अखिलेश’, राजभर ने क्यों साधा निशाना?

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (Subhaspa) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) और अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर जोरदार जुबानी हमला बोला है।
राजभर ने सपा के कोर ‘यादव वोट बैंक’ (Yadav Vote Bank) में फूट पड़ने का दावा करते हुए अखिलेश यादव को उनके चाचा शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) से चल रही कथित अनबन को लेकर खरी-खोटी नसीहत दी है। उन्होंने तंज कसते हुए सपा की अंदरूनी लड़ाई को “भतीजावादी” और “चच्चावादी” के बीच की महाभारत करार दिया।
‘नौ सौ चूहे खाकर मंदिर जा रहे अखिलेश’
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के आगामी अयोध्या दौरे (Ayodhya Visit) और सपा की अंदरूनी बगावत को जोड़ते हुए एक्स (पहले ट्विटर) पर एक लंबा और तीखा पोस्ट किया।
राजभर ने लिखा:
“अखिलेश यादव जी, इधर आप नौ सौ चूहे खाकर ‘मंदिर’ जाने की तैयारी कर रहे हैं, उधर पूर्वांचल (Purvanchal) में सपा के अंदर बगावत का बिगुल बज गया है। आपके एक नेताजी ने लंबी-चौड़ी रिपोर्ट दे दी है कि पूर्वांचल में सपा का 18 परसेंट यादव वोट दरक गया है।”
‘भतीजावादी’ और ‘चच्चावादी’ की महाभारत
राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के अंदर सैफई परिवार की कलह फिर से सतह पर आ गई है।
“उसका लेटर तो पढ़ ही लिए होंगे आप! इसमें उन्होंने खुलकर बता दिया है कि कैसे सैफई (Saifai) वालों के बीच ‘महाभारत’ फिर से शुरू हो गया है। ‘भतीजावादी’ और ‘चच्चावादी’ आपस में गदा लड़ाने लगे हैं। चच्चा के दुलारे आपके पुतले तो फूंक ही रहे हैं, बाहुबलियों और धनबलियों से डीलिंग के लिए वीडियो कॉल पर सीधे चाचू से बात भी कराई जा रही है। कहा जा रहा है कि ‘भइया से अच्छे चाचा जी हैं’।”
अखिलेश को नसीहत- ‘चाचा को दंडवत प्रणाम करें’
राजभर ने अखिलेश यादव की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए उन्हें एक खास राजनीतिक सलाह भी दी। उन्होंने लिखा, “आप राजधानी में आराम से बैठकर ट्विटर, एसी (AC), पीसी (PC) करते रहिए, इधर जिलों में खिलाफत शुरू भी हो चुकी है। हमारी बात मानिए मित्र! आज और अभी से हर रोज सुबह-शाम अपने सबसे छोटे वाले सगे चाचा/चच्चू को दंडवत प्रणाम करना शुरू कर दीजिए। क्या पता, उनका दिल पिघल जाए और वो भूल जाएं अपने हर एक अपमान को।”
‘हर सीट पर बागी कैंडिडेट होंगे’
अपने पोस्ट के अंत में राजभर ने सपा प्रमुख को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “नहीं तो, वही होगा…! हर सीट पर बागी कैंडिडेट होंगे, कैंडिडेटों को फंडिंग होगी, बड़े बड़ों से वीडियो कॉलिंग पर डीलिंग भी होगी और आप रह जाएंगे ठुस्स!”
क्या है राजनीतिक पृष्ठभूमि?
गौरतलब है कि आगामी यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) से पहले अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के बीच एक बार फिर अनबन की खबरें सियासी गलियारों में तैर रही हैं। जानकारों का मानना है कि अगर यह अनबन चुनाव तक जारी रही, तो टिकट बंटवारे के दौरान शिवपाल गुट के बागी नेता समाजवादी पार्टी के लिए हर सीट पर बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकते हैं।

