‘सनातन संस्कृति से भी माफी मांगें’, अखिलेश पर ब्रजेश पाठक का बड़ा बयान

akhilesh
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) ने समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस (Congress) पर तीखा हमला बोला है। सपा नेता सनातन पांडे के विवादित बयान, अखिलेश यादव के संभावित अयोध्या दौरे, शिवपाल यादव की टिप्पणी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के ‘दिवाली-ईद’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए पाठक ने दोनों पार्टियों को ‘मुस्लिम तुष्टीकरण’ (Muslim Appeasement) करने वाला राजनीतिक दल करार दिया है।

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर: ‘कारसेवकों पर गोली चलाने के लिए मांगें माफी’

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या (Ayodhya) जाने की चर्चाओं और सनातन पांडे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी सिर्फ तुष्टीकरण के आधार पर जाति की राजनीति करती है।

उन्होंने कहा, “सपा के मुखिया एक तरफ अयोध्या जाने की बात कह रहे हैं और दूसरी तरफ उनके बड़े नेता कह रहे हैं कि गोली चलाना अच्छी बात थी। अगर समाजवादी पार्टी के मुखिया अयोध्या जाएं, तो एक बार प्रभु रामलला के दर पर जाकर निहत्थे कारसेवकों पर जो गोलियां चली थीं, उसके संबंध में कान पकड़कर माफी मांगें।”

पाठक ने सपा नेताओं के हिंदू प्रतीकों का इस्तेमाल करने पर तंज कसते हुए कहा, “समाजवादी पार्टी के लोग त्रिशूल पकड़ें, चाहे डमरू पकड़ें, ये सब सिर्फ नाटक है। इनको मुस्लिम तुष्टीकरण से ही फुर्सत नहीं है। ये सब सिर्फ वोट बैंक बनाए रखने के लिए तरह-तरह की अनर्गल बयानबाजी करते हैं।”

शिवपाल यादव के बयान पर: ‘जेलों में जश्न मना रहे माफिया’

डिप्टी सीएम ने शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) के हालिया बयान को लेकर भी सपा को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार आने पर गुंडों और माफियाओं को जेल से छोड़ने की फिराक में है।

पाठक ने कहा, “मुझे जानकारी मिली है कि जेलों में जश्न मनाया जा रहा है। जिन्हें हमारी सरकार ने जेलों में डाला है, वे गुंडे-माफिया बाहर निकलकर फिर अत्याचार करने का मन बना रहे हैं। मैं गुंडे-माफियाओं और सपा को भी कहता हूं कि तुम्हारा मंसूबा कभी सफल नहीं होगा।” उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर बीजेपी को प्रचंड बहुमत से जिताने का मन बना चुकी है।

खरगे और सोनिया गांधी के बयानों पर कांग्रेस को घेरा

मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) द्वारा दिवाली और ईद की तुलना करने वाले बयान पर भी पाठक ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, “यह बहुत ही दुखद है। कांग्रेस पार्टी हो या सपा, ये सब मुस्लिम तुष्टीकरण के आधार पर चलने वाले दल हैं। प्रभु श्रीराम जब अयोध्या धाम आए थे, तब दीपावली मनी थी। उसकी ईद से तुलना करना बहुत ही दुखद है। इनको हर समय सिर्फ वोट बैंक दिखाई देता है।”

बाबरी मस्जिद (Babri Masjid) को लेकर सोनिया गांधी के बयान पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी सिर्फ मुसलमानों का वोट हासिल करने के लिए की जा रही है, और इसका कोई अन्य उद्देश्य नहीं है।