बार-बार क्यों टल रही थी ‘मातृभूमि’? सलमान खान ने ट्रेलर लॉन्च पर बताई वजह

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि’ लंबे इंतजार के बाद अब सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। शुक्रवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया। ट्रेलर लॉन्च इवेंट में पहुंचे सलमान खान ने फिल्म की रिलीज डेट बार-बार टलने के पीछे की असली वजह बताई और ‘लाइफ के प्रेशर’ वाले सवाल पर अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब दिया।
VFX के काम के चलते टल रही थी रिलीज
दर्शकों को इस फिल्म का लंबे समय से इंतजार है। पहले इस फिल्म के जनवरी, फिर अप्रैल और उसके बाद जून 2026 में रिलीज होने की चर्चा थी। ट्रेलर लॉन्च के दौरान एक महिला पत्रकार ने जब रिलीज डेट आगे-पीछे होने को लेकर सवाल पूछा, तो सलमान ने स्पष्ट किया कि रिलीज उनकी अपनी वजह से टल रही थी।
अभिनेता ने कहा, “हमारा वीएफएक्स (VFX) अभी तक नहीं हुआ है। तो इसमें किसी और का हाथ नहीं है। हम फैंस के लिए बेस्ट फिल्म लाना चाहते हैं।” अपनी बात रखते हुए उन्होंने मजाक में अपनी पिछली फिल्म ‘सिकंदर’ का जिक्र किया, जिसे सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
लाइफ के प्रेशर पर सलमान का जवाब
इवेंट के दौरान पत्रकार ने सलमान से पूछा था कि क्या रिलीज डेट टलने और लाइफ का कोई प्रेशर है? इस पर सलमान ने कहा, “लाइफ का जो प्रेशर है ना वो डेट ना बहुत आगे जा रही है।”
जब पत्रकार ने दोबारा स्पष्ट करते हुए ‘लाइफ के प्रेशर’ पर जोर दिया, तो सलमान ने पलटकर जवाब दिया, “मैं लाइफ का प्रेशर दूसरों को देता हूं, खुद नहीं लेता हूं।”
गलवान घाटी की घटना पर आधारित है ‘मातृभूमि’
इस फिल्म का पूरा नाम ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ है। यह फिल्म साल 2020 में गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प पर आधारित है। फिल्म में सलमान खान कर्नल बिक्कुमला संतोष बाबू का लीड किरदार निभा रहे हैं।
ट्रेलर लॉन्च इवेंट में सलमान खान ने खुद कंफर्म किया कि ‘मातृभूमि’ 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अपूर्व लखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान के अपोजिट अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।

