रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में ‘संस्कृति पर्व’ का खास अंक हुआ जारी

वाराणसी के रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित छठवीं ‘संस्कृति संसद 2026’ के उद्घाटन सत्र के दौरान ‘संस्कृति पर्व’ पत्रिका के विशेष अंक का भव्य लोकार्पण किया गया। भारत संस्कृति न्यास के उपक्रम के रूप में प्रकाशित इस पत्रिका के 52वें विशेषांक का विमोचन ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती ने संतों और महामंडलेश्वरों की उपस्थिति में किया। यह अंक पूरी तरह से सनातन संस्कृति, अध्यात्म, दर्शन और वर्तमान चुनौतियों पर केंद्रित है।

प्रकाशन के 8 वर्ष पूरे, विशेषांक का महत्व
इस विमोचन के साथ ही ‘संस्कृति पर्व’ मासिक पत्रिका ने अपने प्रकाशन के 8 वर्ष सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। कार्यक्रम के दौरान पत्रिका के अतिथि संपादक और संस्कृति संसद के संयोजक आचार्य गोविंद शर्मा, तथा अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जितेन्द्रानंद सरस्वती ने इस विशेष अंक की महत्ता पर प्रकाश डाला। महामंडलेश्वर राधेबाबा ने इसकी विस्तृत भूमिका प्रस्तुत की। इस अवसर पर पत्रिका के संपादक आचार्य संजय तिवारी और कार्यकारी संपादक डॉ. अर्चना तिवारी भी उपस्थित रहीं।
विशेषांक के प्रमुख विषय: शिक्षा, समाज और नई पीढ़ी
संस्कृति संसद पर केंद्रित इस विशेष अंक में कई वैचारिक और समसामयिक विषयों को प्रमुखता से समाहित किया गया है। इसमें संस्कृति संसद की अब तक की यात्रा, सनातन संस्कृति के समक्ष मौजूद चुनौतियां और विश्व शांति में सनातन की भूमिका जैसे मुद्दों पर सामग्री प्रकाशित की गई है।
इसके अलावा, सामाजिक विभेद व जातीय संघर्ष से बचाव, सनातन संस्कृति को शिक्षा से जोड़ने की आवश्यकता, प्राचीन-अर्वाचीन का सामयिक विश्लेषण और ‘नए भारत’ के निर्माण के लिए युवा पीढ़ी को तैयार करने के उपायों का भी गहराई से विश्लेषण किया गया है।

दिग्गज संतों और पदाधिकारियों की मौजूदगी
इस भव्य आयोजन को अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद, गंगा महासभा, अखिल भारतीय संत समिति और श्रीकाशी विद्वत परिषद द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। लोकार्पण के मौके पर विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक जी, चंपत राय, सुधांशु जी महाराज, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रबींद्र पुरी जी, श्रीकाशी विद्वत परिषद के महामंत्री आचार्य रामनारायण द्विवेदी, दिनेश जी, अशोक तिवारी और संस्कृति संसद आयोजन समिति के अध्यक्ष सुनील देवधर सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

