नौकरीपेशा लोगों के लिए खुशखबरी, मोबाइल पर मिलेगा PF का पूरा हिसाब

epfo
Gautam Kumar Agarwal
Gautam Kumar Agarwal

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों सब्सक्राइबर्स के लिए राहत भरी खबर है। केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को ईपीएफओ की दो नई सुविधाओं की शुरुआत की। अब खाताधारक सीधे अपने WhatsApp पर पीएफ (PF) बैलेंस, पिछली पांच ट्रांजैक्शन और पासबुक की जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसके साथ ही, जिन निष्क्रिय पीएफ खातों में 1,000 रुपये या उससे कम की रकम जमा है, उनका बिना किसी मैनुअल क्लेम के ऑटोमैटिक सेटलमेंट (Automatic Settlement) किया जाएगा।

WhatsApp पर मिलेगी अकाउंट की पूरी डिटेल

EPFO द्वारा शुरू की गई सत्यापित (verified) WhatsApp सेवा के जरिए मेंबर्स अब अपने मोबाइल फोन पर ही खाते से जुड़ी जरूरी जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। इस प्लेटफॉर्म पर सदस्यों को पीएफ खाते का बैलेंस और पासबुक का ब्योरा उपलब्ध होगा। इसके अलावा, पिछली 5 ट्रांजैक्शन की हिस्ट्री, जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने में सहायता और PMVBRY से जुड़ा व्यक्तिगत मार्गदर्शन भी WhatsApp पर ही मिलेगा।

1 लाख निष्क्रिय खातों का होगा ऑटो-सेटलमेंट

WhatsApp सेवा के अलावा, सरकार ने निष्क्रिय (dormant) पीएफ खातों में फंसी छोटी रकम को सही लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए ऑटोमैटिक सेटलमेंट की सुविधा भी शुरू की है। यह नियम उन आधार (Aadhaar) सत्यापित निष्क्रिय खातों पर लागू होगा, जिनमें 1,000 रुपये या उससे कम का बैलेंस पड़ा है। श्रम मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, इस पहल से लगभग 1 लाख निष्क्रिय ईपीएफ खातों को फायदा मिलेगा। इन खातों में कुल 5 करोड़ रुपये की राशि जमा है।

क्लेम फाइल करने की नहीं पड़ेगी जरूरत

इस नई व्यवस्था के तहत पात्र सदस्यों को अपना पैसा निकालने के लिए अलग से कोई व्यक्तिगत क्लेम (claim) दाखिल नहीं करना पड़ेगा। ईपीएफओ खुद निर्धारित पहचान और बैंक खाते के सत्यापन (verification) के बाद इन खातों का सेटलमेंट शुरू करेगा। पहचान और बैंक अकाउंट का वेरिफिकेशन पूरा होते ही जमा रकम सीधे लाभार्थियों को भेज दी जाएगी।