2.77 करोड़ फॉलोअर्स वाले पवन साहू की पत्नी को मिले सिर्फ 277 वोट

राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि सोशल मीडिया की वर्चुअल दुनिया की लोकप्रियता हमेशा जमीन पर वोटों में तब्दील नहीं होती। भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत फूलिया खुर्द से सरपंच पद का चुनाव लड़ रहीं मशहूर फिटनेस इन्फ्लुएंसर पवन साहू की पत्नी कोमल साहू को करारी हार का सामना करना पड़ा है। सोशल मीडिया पर करोड़ों की फैन फॉलोइंग और ताबड़तोड़ प्रचार के बावजूद कोमल को महज 277 वोट ही मिल सके।
करोड़ों की फैन फॉलोइंग, लेकिन गांव में नहीं मिला समर्थन
पवन साहू सोशल मीडिया पर जिम और फिटनेस से जुड़े वीडियो बनाते हैं। यूट्यूब पर उनके करीब 2 करोड़ 77 लाख सब्सक्राइबर्स हैं और इंस्टाग्राम पर उन्हें 70 लाख लोग फॉलो करते हैं। अपनी पत्नी को चुनाव जिताने के लिए पवन ने जमकर प्रचार किया। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने निजी खर्च पर गांव में हैंडपंप और ट्यूबवेल भी लगवाए और लोगों से घर बनवाने की अपील भी की। इन तमाम कोशिशों के बावजूद पंचायत के मतदाताओं ने इस स्टारडम को नकार दिया और कोमल साहू तीसरे स्थान पर रहीं।
पूर्व सरपंच को हराकर भगवतीलाल सोनी बने विजेता
फूलिया खुर्द ग्राम पंचायत के चुनावी नतीजों के मुताबिक, भगवतीलाल सोनी ने 1203 वोट हासिल कर सरपंच पद पर जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और पूर्व सरपंच कालूराम जाट को हराया, जिन्हें कुल 797 वोट मिले। भारी जनसंपर्क के बावजूद कोमल साहू 277 वोटों के साथ मुकाबले से काफी पीछे छूट गईं।
हार के बाद पवन साहू ने समर्थकों के बीच क्या कहा?
चुनाव में मिली इस शिकस्त के बाद पवन साहू का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपने समर्थकों से घिरे नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में वह अपनी हार स्वीकार करते हुए कहते हैं, “अपने पास सिर्फ पांच दिन थे। पांच दिन में हमने जो किया, वह बहुत अच्छा किया। मुझे लगता है कि हमने एक तरह से टफ कॉम्पिटिशन पार किया है।”
पवन ने चुनाव प्रचार में साथ देने वाले समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि वे सिर्फ चुनाव हारे हैं और उनके लिए जीवन का दायरा केवल सरपंच पद तक सीमित नहीं है।
जोधपुर में भी दिखा था ऐसा ही चुनावी हश्र
पवन साहू का यह मामला हाल ही में जोधपुर जिले में हुए एक अन्य पंचायत चुनाव की याद दिलाता है। ओसियां तहसील की इंदों की ढाणी ग्राम पंचायत से ज्योतिषी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओम प्रकाश बिश्नोई ने सरपंच का चुनाव लड़ा था। ओम प्रकाश के पास सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं, लेकिन जब मतपेटियां खुलीं, तो कुल 1,600 वोटों में से उन्हें महज 33 वोट ही मिल पाए थे।

