2014 में 44 सीटें, 2024 में हार… रिजिजू ने कांग्रेस को किस बात पर घेरा?

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर देश में सियासत तेज हो गई है। विपक्षी गठबंधन INDIA की ओर से CEC के खिलाफ ‘जन महाभियोग’ अभियान चलाने की तैयारियों के बीच केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा पलटवार किया है। रिजिजू ने 2014 से लेकर अब तक के चुनावों का जिक्र करते हुए कांग्रेस से 5 सीधे सवाल पूछे हैं और उन्हें इसका जवाब देने की चुनौती दी है।
किरेन रिजिजू के कांग्रेस से 5 सवाल:
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कांग्रेस से निम्नलिखित सवाल पूछे:
-
2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को केवल 44 सांसद कैसे मिले, जबकि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति उनकी ही सरकार ने की थी?
-
जब 2024 में ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) नहीं थे, तब कांग्रेस को लगातार तीसरी बार (हैट्रिक) हार का सामना कैसे करना पड़ा?
-
क्या कांग्रेस के मौजूदा मुख्यमंत्री इस्तीफा देंगे और 2014 से 2026 के बीच सरकारें बनाने के लिए माफी भी मांगेंगे?
-
क्या मतदाता सूची में शामिल उन लोगों के नाम हटा दिए जाने चाहिए जो अवैध प्रवासी हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है, जो कहीं और चले गए हैं या जिनके नाम दो बार दर्ज हैं?
-
क्या 1952-56, 1958-61, 1965-66, 1983-84, 1987-88, 1993, 1995 और 2002-2004 में किए गए SIR (मतदाता सूची पुनरीक्षण) अवैध थे?
‘संविधान और लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश’
सवालों के साथ ही किरेन रिजिजू ने कांग्रेस को खुली चुनौती दी। उन्होंने आरोप लगाया, “मैं कांग्रेस पार्टी को चुनौती देता हूं कि वह इन बुनियादी सवालों का जवाब दे। एक परिवार की पार्टी, बाहरी ताकतों के साथ मिलकर, संविधान और भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश कर रही है।”
आज कांग्रेस का ‘जन महाभियोग’ अभियान
बता दें कि कांग्रेस पार्टी आज शाम 4 बजे से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग’ (Jan Mahabhiyog) अभियान का आयोजन कर रही है। इस अभियान में कांग्रेस के साथ-साथ INDIA गठबंधन में शामिल अन्य घटक दल भी हिस्सा ले रहे हैं। विपक्ष लगातार चुनाव आयोग पर SIR और मतदाता सूची से जुड़े मामलों में गड़बड़ी और लापरवाही के आरोप लगा रहा है। रिजिजू के इन तीखे सवालों के बाद यह राजनीतिक विवाद और गरमाने के आसार हैं।

