आंध्र तट से टकराएगा चक्रवात अर्नब, यूपी में भी भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात ‘अर्नब’ (Cyclone Arnab) ने देशभर के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 अक्टूबर 2026 (कल) के लिए नया वेदर फॉरकास्ट जारी किया है। इस चक्रवात के प्रभाव से पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तमिलनाडु के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर और यूपी-बिहार तक भारी तबाही की आशंका जताई गई है। IMD के डेली बुलेटिन के अनुसार, कल देश के 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर: तीन साल बाद अक्टूबर की सबसे ठंडी सुबह
राजधानी दिल्ली और पूरे एनसीआर में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। आज (27 अक्टूबर) दिल्ली का न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले तीन सालों में अक्टूबर महीने का सबसे कम तापमान है।
-
पूर्वानुमान: 28 अक्टूबर को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन 29 और 30 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक और आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश होने की संभावना है।
यूपी: 7 जिलों में ‘येलो’ और कई जगह ‘ऑरेंज’ अलर्ट
चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित खतरे को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार सतर्क हो गई है। 28 से 31 अक्टूबर के बीच राज्य में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है।
-
28 अक्टूबर (येलो अलर्ट): सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
-
29-30 अक्टूबर (ऑरेंज अलर्ट): प्रयागराज, अमेठी, रायबरेली सहित पूर्वांचल, अवध और तराई के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।
पश्चिम बंगाल और झारखंड में भारी बारिश का ‘रेड और ऑरेंज अलर्ट’
बुधवार को चक्रवात के आंध्र प्रदेश तट से टकराने की आशंका है, जिससे बंगाल और झारखंड में भारी तबाही मच सकती है।
-
पश्चिम बंगाल: दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। उत्तरी बंगाल के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का भी खतरा है।
-
झारखंड: रांची, खूंटी और सिमडेगा सहित कई जिलों में 28 अक्टूबर के लिए येलो और 29-30 अक्टूबर के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
अन्य राज्यों का हाल
बिहार में भी 28 अक्टूबर से मौसम बदलेगा और 29-30 अक्टूबर को भारी बारिश होगी। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में अति भारी बारिश का अलर्ट है। मध्य प्रदेश, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में भी मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

