UP MLC रिजल्ट Live: मतगणना में हंगामा, सपा ने लगाए धांधली के आरोप

akhilesh-yadav
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों पर हुए चुनाव के लिए आज (27 अक्टूबर) मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार ने बढ़त बना ली है। हालांकि, मतगणना शुरू होने के कुछ ही देर बाद लखनऊ और गोरखपुर के काउंटिंग केंद्रों से भारी हंगामे और अव्यवस्था की खबरें सामने आने लगी हैं। समाजवादी पार्टी (SP) और निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनाव प्रशासन की कार्यप्रणाली, मतपेटियों की सुरक्षा और मतपत्रों की गिनती पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

लखनऊ में एक्स्ट्रा वोट और खुले बैलेट पेपर पर बवाल

लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के दौरान समाजवादी पार्टी की एमएलसी प्रत्याशी कांति सिंह की एजेंट ने वोटों की संख्या में धांधली का सनसनीखेज आरोप लगाया है। एजेंट के मुताबिक, रिकॉर्ड पर्चियों में 310 वोट दर्ज थे, जबकि डिब्बा खोलने पर उसमें से 317 वोट निकले। सपा एजेंट ने सवाल उठाया कि ये 7 अतिरिक्त वोट डिब्बे में कहां से आए?

सपा की तरफ से यह भी आरोप लगाया गया कि प्रशासन कुल पड़े वोटों का स्पष्ट आंकड़ा नहीं दे रहा है, कोई आंकड़ा एक लाख 3 हजार बता रहा है, तो कोई एक लाख 19 हजार। वहीं, लखनऊ मतगणना स्थल पर ही एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी स्मिता मिश्र ने भी बंडल बनाने के दौरान बैलेट पेपर खुले हुए आने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

गोरखपुर में स्ट्रांग रूम से मिला बिना सील वाला बक्सा

दूसरी तरफ, गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन 2026 क्षेत्र की मतगणना के दौरान भी बड़ी लापरवाही सामने आई है। निर्दलीय प्रत्याशी अजय सिंह ने बताया कि वोटों के बंडल बनाने का काम शुरू होने से पहले स्ट्रांग रूम से बनकटा का एक बक्सा (मतपेटी) लाया गया, जो सील ही नहीं था। बिना सील वाली मतपेटी मिलने के बाद मतगणना स्थल पर उहापोह की स्थिति बन गई है। फिलहाल इस मुद्दे पर चुनाव अधिकारियों और प्रत्याशियों के बीच तीखी नोकझोंक और बातचीत का दौर जारी है।

लखनऊ सीट पर दांव पर लगी है साख

लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव इस बार सबसे ज्यादा हाई-प्रोफाइल माना जा रहा है। यहां बीजेपी के अवनीश कुमार सिंह और सपा की कांति सिंह के बीच कांटे की टक्कर है। इस सीट की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुद कांति सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार किया था। कांति सिंह के पति डॉ. एसपी सिंह पहले भी इस सीट से विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं। फिलहाल सभी की निगाहें मतगणना के स्पष्ट आंकड़ों और चुनाव आयोग के अगले कदम पर टिकी हैं।