भगवंत मान के गृह जिले से कांग्रेस का चुनावी आगाज, राहुल की रैली पर नजर

sachin
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

पंजाब कांग्रेस ने आगामी चुनावों के लिए अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी रणनीति को धार देने के लिए चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक आयोजित की गई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रदेश संगठन की जमीनी स्थिति और चुनावी रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की गई।

संगठन का फीडबैक और एकजुटता का दावा

बैठक के बाद पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने पार्टी की रणनीति साझा की। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार संगठन से जुड़ा फीडबैक ले रहे हैं। पायलट ने दावा किया कि चुनाव की तैयारियों को लेकर पूरी पार्टी एकजुट है और सभी नेता आपसी समन्वय के साथ आगे की रणनीति पर काम कर रहे हैं। पार्टी का मुख्य जोर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार करने पर है।

संगरूर में 4 नवंबर को ‘हिसाब मांगो रैली’

चुनावी अभियान का शंखनाद मुख्यमंत्री भगवंत मान के गढ़ संगरूर से किया जाएगा। सचिन पायलट ने जानकारी दी कि 4 नवंबर को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संगरूर जिले में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।

पार्टी ने इस जनसभा को ‘हिसाब मांगो रैली’ का नाम दिया है। पायलट के मुताबिक, राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाले इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी नेता और कार्यकर्ता पूरी ताकत लगा रहे हैं। इस रैली को राज्य में कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों को तेज करने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा

चुनावी तैयारियों के साथ-साथ कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर आक्रामक रुख भी अख्तियार कर लिया है। सचिन पायलट ने राज्य की मौजूदा कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ढह चुकी है और आम जनता की सुरक्षा खतरे में है।

पायलट ने स्पष्ट किया कि पंजाब के लोगों की सुरक्षा पार्टी के लिए एक प्रमुख चुनावी मुद्दा है और कांग्रेस इसे पूरी गंभीरता के साथ उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को सुरक्षित माहौल देने के लिए पूरी कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर संघर्ष करेगी।