कौन हैं 86 वर्षीय भीखी देवी, जो लगातार सातवीं बार निर्विरोध सरपंच चुनी गईं

राजस्थान पंचायत चुनाव के बीच बाड़मेर जिले से एक दिलचस्प और अनूठी खबर सामने आई है। गडरारोड स्थित वीरेंद्र नगर ग्राम पंचायत में 86 साल की भीखी देवी लगातार सातवीं बार निर्विरोध सरपंच चुन ली गई हैं। पिछले 42 सालों से इस पंचायत की कमान उन्हीं के हाथों में है। इस बार भी गांव में कोई मतदान नहीं होगा, क्योंकि उनके सामने चुनाव लड़ने के लिए किसी ने भी पर्चा दाखिल नहीं किया।
1984 से लगातार संभाल रही हैं गांव की कमान
भीखी देवी ने पहली बार साल 1984 में सरपंच का चुनाव जीता था। उसके बाद से लेकर अब तक पिछले चार दशकों में कोई भी उनके सामने चुनाव मैदान में नहीं उतरा। इस बार भी नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वीरेंद्र नगर ग्राम पंचायत में उनके खिलाफ कोई दूसरा उम्मीदवार नहीं बचा। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। खास बात यह है कि इस पंचायत के सभी 7 वार्डों के पंच भी सर्वसम्मति से निर्विरोध चुने गए हैं।
पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी की पत्नी हैं भीखी देवी
भीखी देवी राजस्थान के दिग्गज कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी की धर्मपत्नी हैं। हेमाराम चौधरी लगातार 6 बार विधायक रहने के साथ-साथ राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री और नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद ग्रामीणों के अनुसार भीखी देवी ने बेहद सादगी भरा जीवन बिताया है और कार्यकाल के दौरान गांव में सभी जरूरी विकास कार्य कराए हैं, जिसके चलते ग्रामीण हर बार उन पर भरोसा जताते हैं।
बाड़मेर में पंचायत चुनाव के लिए मतदान जारी
बाड़मेर जिले में पंचायत चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया आज शुरू हो चुकी है। जिले की 10 पंचायत समितियों के अंतर्गत आने वाली 359 ग्राम पंचायतों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जा रहे हैं। जिला प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, इस बार बाड़मेर जिले में कुल 60 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध चुने गए हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

