रामपुर तो आजम साहब का ही है, अदीब के बयान से सियासत में फिर चर्चा तेज

akhilesh-yadav
अजमल शाह
अजमल शाह

समाजवादी पार्टी (SP) के मुखिया अखिलेश यादव के रामपुर दौरे और जेल में बंद वरिष्ठ नेता आजम खान से हुई हालिया मुलाकात के बाद सियासी हलचल तेज है। इसी बीच, आजम खान के बड़े बेटे अदीब आजम ने इस मुलाकात और पारिवारिक रिश्तों पर खुलकर अपनी बात रखी है।

अदीब आजम ने ‘एबीपी न्यूज’ से खास बातचीत में कहा कि अखिलेश यादव और आजम खान परिवार के बीच रिश्ते बहुत पुराने और मजबूत हैं।

‘जेल के बाद घर आए अखिलेश, पूछा सबका हाल’

अदीब आजम ने मुलाकात का ब्योरा देते हुए बताया, “अखिलेश यादव पहले जेल गए और फिर हमारे घर भी आए। वहां उनकी मेरी वालिदा (मां) और हम सभी घर वालों से बातचीत हुई।” अदीब के मुताबिक, अखिलेश यादव ने सभी का हाल-चाल पूछा और जलपान किया, जो कि एक सामान्य पारिवारिक मुलाकात का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घर पर सिर्फ पारिवारिक बातें हुईं, जबकि राजनीतिक चर्चा अखिलेश यादव ने जेल में आजम साहब के साथ ही की होगी।

‘समाजवादी पार्टी शुरू से हमारे साथ, आजम साहब जल्द घर आएंगे’

आजम परिवार और समाजवादी पार्टी के बीच मतभेदों की अफवाहों को खारिज करते हुए अदीब आजम ने कहा कि समाजवादी पार्टी शुरू से ही उनके परिवार का साथ देती आ रही है। अदीब ने कहा, “उन्होंने (अखिलेश यादव) हमारा बेहद साथ दिया है और आज भी दे रहे हैं। हम बहुत खुश हैं कि वह हमारे घर आए।”

अदीब ने न्यायपालिका पर पूरा भरोसा जताते हुए उम्मीद जताई कि उनके पिता (आजम खान) जल्द ही जेल से बाहर आएंगे।

‘रामपुर तो आजम साहब का ही है’

बातचीत के दौरान अदीब आजम ने रामपुर में आजम खान के राजनीतिक दबदबे पर एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “रामपुर तो आजम साहब का ही है… जंगल में एक ही शेर है और वह आजम खान साहब हैं।”

अदीब ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके साथियों को झूठे मुकदमों में फंसाया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर उनके परिवार की मुश्किलें न सिर्फ कम होंगी, बल्कि पूरी तरह खत्म हो जाएंगी।