अखिलेश ने ओवैसी को बताया रावण, AIMIM ने कहा- ‘डर गए सपा चीफ’

Akhilesh-Yadav-4
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की तुलना रावण से की है। रामपुर जेल में बंद सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश ने ओवैसी पर यह तीखी टिप्पणी की। यह जुबानी जंग AIMIM द्वारा अखिलेश के रामपुर दौरे को ‘सियासी ड्रामा’ और ‘ओवैसी का डर’ बताए जाने के बाद तेज हुई है।

‘रावण ने एक दिन भेष बदला था, इनका सालों से बदला है’

कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए रावण का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “हमने देखा है कि रावण भी वेशभूषा बदल करके एक दिन के लिए सीता मां को अपने साथ ले गया था। और यहां तो इतने वर्षों से भेष-भूषा बदला हुआ है।”

AIMIM का दावा- ओवैसी के डर से रामपुर पहुंचे अखिलेश

अखिलेश यादव की यह प्रतिक्रिया AIMIM की यूपी इकाई के प्रवक्ता शादाब चौहान के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने आजम खान से मुलाकात पर सवाल उठाए थे। शादाब चौहान ने दावा किया था कि अखिलेश यादव ओवैसी के दबाव और डर की वजह से रामपुर पहुंचे हैं।

AIMIM ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही अखिलेश को आजम खान की याद आ गई है। पार्टी ने इस मुलाकात को चुनावी दिखावा करार देते हुए सवाल किया कि सपा अध्यक्ष अब तक कितनी बार जेल में आजम खान से मिलने गए हैं।

‘सैफई परिवार का कोई होता तो आंदोलन करते’

मुस्लिम वोटों की राजनीति पर चोट करते हुए AIMIM नेता ने सपा पर भेदभाव का आरोप लगाया। चौहान ने कहा कि अगर सैफई परिवार का कोई यादव जेल में होता, तो अखिलेश यादव अब तक बड़ा आंदोलन कर चुके होते।

पार्टी प्रवक्ता ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का मुसलमान अब समझदार हो चुका है और वह इस सियासी ड्रामेबाजी को समझ रहा है। चौहान के मुताबिक, अखिलेश 2027 के विधानसभा चुनाव में मुस्लिम वोटों पर डकैती नहीं डाल पाएंगे। उन्होंने कहा कि ओवैसी लगातार जनता के सामने अखिलेश यादव की पोल खोलते रहेंगे और मुस्लिम मतदाता अब उनके जाल में नहीं फंसेंगे।