नेहा सिंह राठौर के समर्थन में कंगना की एंट्री, TRP की होड़ पर उठाए सवाल

kangna
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

वैचारिक मतभेदों के बावजूद बीजेपी सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने जानी-मानी भोजपुरी लोकगायिका नेहा सिंह राठौर (Neha Singh Rathore) का खुला समर्थन किया है। एक टीवी न्यूज़ चैनल द्वारा नेहा सिंह राठौर को लेकर चलाई गई फर्जी और अपमानजनक खबर पर कंगना ने सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने बिना किसी आधार के टीआरपी (TRP) के लिए किसी महिला को बदनाम करने को ‘बेहद घटिया’ कृत्य करार दिया।

क्या है पूरा मामला?

बिहार की रहने वाली नेहा सिंह राठौर अपने तीखे राजनीतिक और सामाजिक भोजपुरी लोकगीतों के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर जानकारी दी कि एक प्रमुख न्यूज़ चैनल ने उनके खिलाफ फर्जी और अपमानजनक खबर चलाई है।

इस घटना के बाद, नेहा ने सीधे मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत को टैग करते हुए उनसे सवाल पूछा। नेहा ने लिखा, “कंगना जी, हालांकि आपकी और मेरी विचारधारा में फ़र्क है, लेकिन ये फ़र्क हम दोनों के महिला होने के साझे सच को नहीं बदल सकता। क्या ऐसी घटना पर आपको कुछ नहीं कहना चाहिए?”

कंगना रनौत ने दिया करारा जवाब

नेहा सिंह राठौर की इस पोस्ट के महज दो घंटे बाद ही कंगना रनौत ने जवाब दिया। उन्होंने न्यूज़ चैनल की कड़ी आलोचना करते हुए लिखा, “किसी भी महिला को टीआरपी के लिए बेबुनियाद बदनाम करना बेहद घटिया बात है।”

इसके साथ ही, कंगना ने संबंधित समाचार चैनल के प्रमुख को इस कृत्य की जिम्मेदारी लेने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कहा। हालांकि, कंगना ने अपनी पोस्ट में यह स्पष्ट किया कि वह नेहा सिंह राठौर की राजनीतिक विचारधारा से बिल्कुल सहमत नहीं हैं, लेकिन एक महिला के सम्मान के सवाल पर वह उनके साथ खड़ी हैं।

चैनल ने वापस ली खबर, जताया खेद

इस मामले के तूल पकड़ने और सोशल मीडिया पर कड़े विरोध के बाद संबंधित न्यूज़ चैनल को बैकफुट पर आना पड़ा। चैनल के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर इस खबर को लेकर खेद व्यक्त किया गया है और उस अपमानजनक खबर को वापस लेने की आधिकारिक घोषणा की गई है।