शिव, विष्णु, शंकर, कृष्ण और भगवान… पांच भाइयों ने थामा अखिलेश का हाथ

sapa
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी (सपा) के लिए गुरुवार, 15 अक्टूबर का दिन बेहद खास रहा। अखिलेश यादव की मौजूदगी में पांच ऐसे नेताओं ने सपा का दामन थामा, जिनके नाम सुनकर हर कोई हैरान रह गया।

दरअसल, गोंडा जिले के भवानी भीख शुक्ला के पांच बेटों ने आज समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इन पांचों भाइयों के नाम अलग-अलग देवी-देवताओं के नाम पर रखे गए हैं।

ये हैं वे पांच नाम, जिनकी हो रही है चर्चा:

  1. भगवान शिव शुक्ला

  2. भगवान विष्णु शुक्ला

  3. भगवान शंकर शुक्ला

  4. भगवान शुक्ला

  5. भगवान कृष्ण शुक्ला

इन अनोखे नामों वाले पांचों भाइयों के सपा में शामिल होने के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा जोरों पर है कि “समाजवादी पार्टी को आज ‘पांच भगवान’ का साथ मिल गया है।”

अखिलेश यादव ने किया स्वागत, कहा- ‘PDA का कुनबा बढ़ रहा है’

इस मौके पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोंडा से आए इन नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा, “मुझे इस बात की खुशी है कि आज समाजवादी परिवार और पीडीए (PDA) परिवार बढ़ता जा रहा है। जितना अपमान और दुख बढ़ रहा है, उतना ही पीडीए परिवार भी बढ़ता जा रहा है। PDA आगे बढ़ेगा, इसे रोकने वाले भी रोक नहीं पाएंगे।”

‘सनातनी लोग इन नामों को कभी भूल नहीं पाएंगे’

पांचों शुक्ला भाइयों का पार्टी में स्वागत करते हुए अखिलेश यादव ने उनके नामों की विशेष चर्चा की। उन्होंने कहा, “जो परिवार आज समाजवादी पार्टी में शामिल हुआ है, उनको देखते ही और उनके नाम सुनते ही एक अलग तरीके का जोश देखने को मिला। मैं भवानी भीख शुक्ला का आभार व्यक्त करता हूं।”

अखिलेश ने आगे कहा, “उनके पांचों बेटों के बेहद विशेष नाम हैं। हमारे समाज में उन नामों को कोई भूल नहीं सकता। खासकर सनातनी लोग उनके नाम कभी नहीं भूल पाएंगे। ऐसे पांचों बेटों का मैं अपनी पार्टी में बहुत स्वागत करता हूं और सभी को बधाई देता हूं।”