हिरासत के बाद राहुल का हमला, बोले- ‘देश को हाइजैक कर लिया गया’

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संसद से चुनाव आयोग (ECI) मुख्यालय तक मार्च निकाल रहे विपक्षी सांसदों को रोके जाने के बाद सियासी टकराव और बढ़ गया है। दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने और बस के जरिए आकाशवाणी भवन परिसर में रखे जाने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला है। परिसर के भीतर से जारी एक वीडियो संदेश और पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश के लोकतंत्र को पूरी तरह हाइजैक कर लिया गया है।
इस प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित कई वरिष्ठ विपक्षी सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
‘वोट चोरी पर सवाल पूछने से रोका गया’
आकाशवाणी भवन परिसर के भीतर से जारी वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने अपने आसपास मौजूद विपक्षी सांसदों को दिखाते हुए कहा, “ये चारों तरफ देखिए, लोकसभा और राज्यसभा के सभी विपक्षी सांसद आए हुए हैं। हम चुनाव आयोग के दफ्तर जाकर वोट चोरी पर ज्ञानेश कुमार से सवाल पूछना चाहते हैं, लेकिन हमें यहां रोक दिया गया है।”
राहुल गांधी ने आगे आरोप लगाया, “हम देश के चुने हुए प्रतिनिधि हैं और हम सभी को यहां जबरन रोका गया है। हमें मोदी जी, अमित शाह और मोहन भागवत ने रोका है, इन्होंने पूरे देश को हाइजैक कर लिया है।”
‘ECI का दफ्तर 50 गज दूर, ज्ञानेश कुमार डरे हुए हैं’
परिसर में मौजूद पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “विपक्ष के सभी सांसद चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार और उनके दो सहयोगियों से मिलना चाहते हैं, लेकिन पुलिस ने हमें रोक रखा है। हम देश की आवाज का प्रतिनिधित्व करते हैं, फिर भी समझ नहीं आ रहा कि 300 सांसदों को क्यों रोका गया।”
राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग का दफ्तर वहां से महज 50 गज की दूरी पर है, इसके बावजूद सांसदों को जाने नहीं दिया जा रहा। उन्होंने दावा किया, “चुनाव आयोग का काम सही और निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराना है, लेकिन ज्ञानेश कुमार डरे हुए हैं। समझ नहीं आ रहा देश में क्या हो रहा है। अगर जनप्रतिनिधि ही चुनाव आयोग से नहीं मिल सकेंगे, तो लोकतंत्र का क्या मतलब रह जाएगा।”
‘भविष्य में होगी देशद्रोह की कार्रवाई’
नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, आरएसएस प्रमुख और मुख्य चुनाव आयुक्त पर एक साथ निशाना साधते हुए कहा, “नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और सीईसी ज्ञानेश कुमार ने देश में लोकतंत्र को खत्म कर दिया है। पूरा देश और देश के युवा भी यह बात अच्छी तरह समझते हैं। जो पुलिसकर्मी मुझे रोक रहे थे, वे भी यही कह रहे थे। असलियत सबको पता है।”
राहुल गांधी ने चेतावनी भरे लहजे में आरोप लगाया कि देशद्रोह के लिए भविष्य में पीएम मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

