मायावती का बड़ा फैसला, आकाश आनंद फिर बने BSP के राष्ट्रीय संयोजक

akash
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

 उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती ने बड़ा संगठनात्मक कदम उठाया है। बसपा सुप्रीमो ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी में एक और मौका देते हुए उन्हें फिर से राष्ट्रीय संयोजक (National Coordinator) नियुक्त किया है। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर इस फैसले की सार्वजनिक घोषणा की।

‘पार्टी हित सर्वोपरि, अनुशासन के लिए लिए सख्त फैसले’

फैसले की जानकारी देते हुए मायावती ने लिखा कि पूरी पार्टी ही उनका परिवार है और कार्यकर्ताओं व पार्टी का हित उनके लिए हमेशा सर्वोपरि रहा है।

उन्होंने पोस्ट में स्पष्ट किया, “पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए पिछले कुछ दिनों में मुझे सख्त फैसले लेने पड़े, जिसकी वजह से मेरे अपने भाई-बहन और उनके परिवार के लोगों से खटास भी रही, जोकि जग जाहिर है।”

अशोक सिद्धार्थ के संन्यास और आकाश के बदलाव का जिक्र

बसपा प्रमुख ने अपने बयान में आकाश आनंद की कार्यशैली और पारिवारिक संदर्भों का भी खुलकर उल्लेख किया। मायावती के मुताबिक, वैसे तो आकाश आनंद का व्यक्तित्व पार्टी में काफी हद तक ठीक ही रहा, लेकिन पिछले दिनों कुछ वजहों से संगठन में कई जरूरी फेरबदल करने पड़े थे।

उन्होंने लिखा कि अंततः आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से संन्यास लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। इसके बाद से आकाश के व्यक्तित्व और कार्यशैली में लोगों ने काफी बदलाव देखा। मायावती ने बताया कि पार्टी ने काफी सोच-विचार करने के बाद अब आकाश आनंद को दोबारा राष्ट्रीय संयोजक बनाकर जिम्मेदारी संभालने का अवसर दिया है।

आकाश आनंद ने मांगी थी माफी, दूसरी पार्टी में जाने की अटकलें खारिज की थीं

मायावती के इस फैसले से ठीक पहले आकाश आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी, जिसमें उन्होंने अपनी बुआ और पार्टी प्रमुख से माफी मांगी थी।

आकाश ने मायावती को अपनी राजनीतिक गुरु और प्रेरणा बताते हुए लिखा था कि उनकी चुप्पी को गलत समझा गया। उन्होंने साफ किया, “राजनीति में मैंने जो कुछ सीखा, वो आप से ही सीखा, जो कुछ किया, आपके मार्गदर्शन में किया। इसलिए आज अपनी बात सीधे आपके सामने और पूरे बहुजन समाज के सामने रखना चाहता हूं।”

इसके साथ ही उन्होंने किसी अन्य दल में जाने की तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा, “पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया में मेरे बारे में कई तरह की खबरें और अफवाहें चल रही हैं। मैं साफ कर देना चाहता हूं कि मैं किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहा। ना आज, ना कभी। BSP मेरे लिए सिर्फ एक पार्टी नहीं, मेरा परिवार है।”