Tom Cruise की Digger का बॉक्स पर बुरा हाल, ओपनिंग में सिर्फ $8M

लॉस एंजेलिस: हॉलीवुड सुपरस्टार टॉम क्रूज (Tom Cruise) और ऑस्कर विजेता निर्देशक एलेजांद्रो जी. इानारितु (Alejandro G. Iñárritu) की फिल्म ‘डिगर’ (Digger) बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत का सामना कर रही है। पर्यावरण और जलवायु संकट पर आधारित इस ‘इको-सटायर’ फिल्म को लेकर आलोचकों की राय पूरी तरह बंटी हुई है। वार्नर ब्रदर्स (Warner Bros.) की ओर से लगभग 3,300 स्क्रीन्स पर रिलीज होने के बावजूद, ‘डिगर’ अपने पहले वीकेंड में केवल 8 मिलियन डॉलर का कलेक्शन ही कर पाई और कमाई के मामले में पांचवें स्थान पर रही।
आलोचकों की राय बंटी, स्टारकास्ट की हो रही तारीफ
रॉटन टोमेटोज (Rotten Tomatoes) पर फिल्म को 50 प्रतिशत रेटिंग मिली है। फिल्म में टॉम क्रूज ने एक आत्मकेंद्रित ऑयल मैग्नेट (तेल कारोबारी) की भूमिका निभाई है, जो पहले एक बड़ी पर्यावरणीय आपदा का कारण बनता है और फिर खुद को मानवता के रक्षक के तौर पर पेश करता है।
समर्थक जहां फिल्म की स्टारकास्ट के अभिनय की तारीफ कर रहे हैं। टॉम क्रूज के साथ-साथ रिज अहमद, जॉन गुडमैन और सैंड्रा हुलर के काम को काफी सराहा गया है। वहीं, आलोचकों का कहना है कि फिल्म की कहानी और इसका टोन दर्शकों को उलझन में डालता है और यह प्रोजेक्ट पूरी तरह से प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहा है।
बजट और कलेक्शन का गणित
बॉक्स ऑफिस के आंकड़े फिल्म के लिए चिंताजनक हैं। ‘डिगर’ का निर्माण लगभग 125 मिलियन डॉलर के भारी-भरकम बजट में हुआ है। इंडस्ट्री के जानकारों के अनुमान के मुताबिक, फिल्म को मुनाफे में आने के लिए दुनियाभर में कम से कम 300 मिलियन डॉलर का कारोबार करना होगा।
टॉम क्रूज के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड को देखें, तो 2007 में आई फिल्म ‘लायंस फॉर लैंब्स’ (Lions for Lambs) के बाद यह उनके करियर की सबसे कमजोर ओपनिंग है। मामूली बजट वाली रॉबर्ट रेडफोर्ड की वह ड्रामा फिल्म अपनी लागत निकालने में सफल रही थी, लेकिन ‘डिगर’ के सामने यह अंतर बहुत बड़ा है।
‘वेरिटी’ से मिली कड़ी टक्कर
‘डिगर’ के साथ ही सिनेमाघरों में उतरी ऐन हैथवे और डकोटा जॉनसन स्टारर थ्रिलर फिल्म ‘वेरिटी’ (Verity) ने शानदार प्रदर्शन किया है। ‘वेरिटी’ ने अपने पहले वीकेंड में 32.6 मिलियन डॉलर कमाए, जो क्रूज की फिल्म से करीब चार गुना अधिक है।
वीकेंड के टॉप-5 बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में अन्य फिल्में इस प्रकार रहीं:
-
रेजीडेंट ईवल (Resident Evil): 12.5 मिलियन डॉलर
-
हार्ट ऑफ द बीस्ट (Heart of the Beast): 11 मिलियन डॉलर
-
प्राइमटाइम (Primetime): 8 मिलियन डॉलर
कमजोर शुरुआत के बावजूद क्रूज का सकारात्मक रुख
बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत के बावजूद टॉम क्रूज का उत्साह कम नहीं हुआ है। वीकेंड के दौरान उन्होंने इंस्टाग्राम पर प्रोडक्शन सेट की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए पूरी टीम को एक संदेश लिखा। क्रूज ने इस फिल्म का हिस्सा बनने को अपने लिए एक “सम्मान” बताया। उन्होंने पूरी टीम की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि उन्हें फिल्म पर गर्व है। अपनी पोस्ट में उन्होंने कमाई के आंकड़ों का कोई जिक्र नहीं किया।
क्रूज के लिए क्यों मायने रखती है ‘डिगर’?
‘मिशन: इम्पॉसिबल’ सीरीज जैसी स्टंट से भरपूर ब्लॉकबस्टर फिल्मों की पहचान बन चुके टॉम क्रूज के लिए ‘डिगर’ एक अलग तरह का प्रोजेक्ट है। यह फिल्म उनके शुरुआती दौर की याद दिलाती है, जब उन्होंने ‘रेन मैन’, ‘बॉर्न ऑन द फोर्थ ऑफ जुलाई’ और ‘मैगनोलिया’ जैसी फिल्मों में चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं।
हालांकि, क्रूज को एक्शन अवतार में देखने वाले उनके फैंस को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उनकी अगली एक्शन फिल्म ‘डेज़ ऑफ थंडर 2’ (Days of Thunder 2) की शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली है।

