RS Election: BJP ने दिनेश आर्य और रुक्मिणी मल्लिक को दिया टिकट

bjp
शकील अहमद सैफी
शकील अहमद सैफी

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर दी है। पार्टी ने उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की एक-एक सीट पर होने वाले चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम तय किए हैं। बीजेपी ने उत्तराखंड से पार्टी के वरिष्ठ नेता दिनेश आर्य को उम्मीदवार बनाया है, जबकि पश्चिम बंगाल से अभिनेत्री रुक्मणि मल्लिक को मैदान में उतारा है।

संख्याबल के आधार पर दोनों ही राज्यों की इन सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की जीत तय मानी जा रही है।

उत्तराखंड: अनुसूचित जाति से आने वाले दिनेश आर्य को मौका

उत्तराखंड से पार्टी ने संगठन के पुराने नेता दिनेश आर्य पर भरोसा जताया है। आगामी विधानसभा चुनावों के समीकरणों के लिहाज से उनके चयन को अहम माना जा रहा है।

  • अनुसूचित जाति (SC) वर्ग से ताल्लुक रखने वाले दिनेश आर्य नैनीताल के भाजपा जिला अध्यक्ष रह चुके हैं।

  • वह वर्तमान में राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष हैं और उन्हें उत्तराखंड में राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त है।

  • पिछले विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने के कारण वह नाराज चल रहे थे, लेकिन अब पार्टी ने उन्हें सीधे उच्च सदन भेजने का फैसला किया है।

पश्चिम बंगाल: अभिनेत्री रुक्मणि मल्लिक बनीं उम्मीदवार

पश्चिम बंगाल में भाजपा ने महिला चेहरे के तौर पर बंगाली सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री रुक्मणि मल्लिक को प्रत्याशी बनाया है। वह दिग्गज बंगाली अभिनेता रंजीत मलिक की बेटी हैं।

रुक्मणि मल्लिक मार्च 2026 में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के टिकट पर राज्यसभा सांसद चुनी गई थीं। जुलाई में उन्होंने टीएमसी और सांसद पद से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ले ली थी। उनके इस्तीफे से खाली हुई इसी सीट पर अब उपचुनाव हो रहा है, जहां भाजपा ने उन्हें दोबारा अपना उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतारा है।

महाराष्ट्र MLC के बाद राज्यसभा की सूची, UP पर नजरें

रविवार को राज्यसभा उम्मीदवारों की घोषणा से कुछ देर पहले ही भाजपा ने महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) की तीन सीटों के लिए भी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों में भाजपा उत्तर प्रदेश में खाली हो रही राज्यसभा सीटों के लिए भी अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर सकती है।