Raja Warring Resignation: अमृता वड़िंग ने कांग्रेस नेतृत्व को कहा धन्यवाद

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस (Congress) की राज्य इकाई में बड़े बदलाव का दौर शुरू हो गया है। अमरिंदर सिंह राजा वडिंग (Amrinder Singh Raja Warring) ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद अब उनकी पत्नी अमृता वडिंग (Amrita Warring) की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसमें उन्होंने पार्टी नेतृत्व और अपने पति की मेहनत की सराहना की है।
‘राजा वडिंग ने दिन-रात एक करके मेहनत की’
अमृता वडिंग ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह पार्टी आलाकमान के फैसले का सम्मान करती हैं और उन्हें दिए गए मौके के लिए आभारी हैं।
उन्होंने कहा, “मैं पार्टी आलाकमान की बहुत आभारी हूं जिन्होंने इतना सुनहरा मौका दिया। राजा वडिंग ने बहुत ही मेहनत की और दिन-रात एक किया। उनकी इस मेहनत को देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा। यह वाकई एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।”
अमृता वडिंग ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा, “मैं भगवान और राहुल गांधी जी की बहुत शुक्रगुजार हूं।” भविष्य की रणनीति पर बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पंजाब में पार्टी को फिर से सत्ता में लाने के लिए काम करेंगे। अमृता ने कहा, “हम पार्टी के लिए दिन-रात एक करके मेहनत करेंगे और फिर से पंजाब में कांग्रेस पार्टी की सरकार लाएंगे।”
राहुल गांधी से मुलाकात और वडिंग का बयान
अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा। इस अहम मुलाकात के बाद वडिंग ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी से उनकी लंबी और सकारात्मक चर्चा हुई।
वडिंग ने कहा, “राहुल गांधी जी ने मुझे बहुत प्यार दिया। उन्होंने पंजाब के मौजूदा हालात, वहां की सरकार के कामकाज और हमें आगे क्या करना चाहिए, इस पर जानकारी ली। मैंने उनके साथ राज्य अध्यक्ष के तौर पर अपने साढ़े चार साल के अनुभव साझा किए। हमारी ताकत क्या है और हमें चुनौतियों का सामना कैसे करना है, इस बारे में पूरी चर्चा हुई।”
कौन होगा पंजाब कांग्रेस का अगला बॉस?
पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में राजा वडिंग के इस्तीफे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि पंजाब कांग्रेस की कमान अब किसे मिलेगी?
पार्टी आलाकमान एक ऐसे चेहरे की तलाश में है जो राज्य में पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को खत्म कर सके और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर सके। सूत्रों की मानें तो नए प्रदेश अध्यक्ष की रेस में दो-तीन प्रमुख नाम चल रहे हैं, जिनमें वरिष्ठ नेता विजय इंदर सिंगला (Vijay Inder Singla) का नाम सबसे आगे और प्रमुखता से लिया जा रहा है। जल्द ही कांग्रेस हाईकमान नए अध्यक्ष के नाम का आधिकारिक ऐलान कर सकता है।

