मायावती से हाथ मिलाने को तैयार चंद्रशेखर, फिर क्यों नहीं बन पा रही बात?

chandrashekhar
अजमल शाह
अजमल शाह

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव (UP Election 2027) से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच आजाद समाज पार्टी (ASP) के प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती के साथ गठबंधन को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। चंद्रशेखर ने स्पष्ट किया है कि बहुजन समाज चाहता है कि दोनों नेता मिलकर चुनाव लड़ें, लेकिन केवल उनकी इच्छा से यह संभव नहीं है।

‘अगर कोई दरवाजा बंद कर ले, तो हम कैसे जुड़ें?’

चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन की संभावनाओं पर अपनी बेबसी जताते हुए कहा, “समाज की इच्छा है कि मैं और बहनजी (मायावती) साथ मिलकर चुनाव लड़ें। लोग अक्सर यह बात मुझसे कहते हैं। लेकिन, मैं समाज के लोगों को बताना चाहता हूं कि यह पूरी तरह मेरे हाथ में नहीं है। मैंने अपनी तरफ से बहुत प्रयास किए, लेकिन ताली एक हाथ से नहीं बजती।”

सांसद ने आगे कहा, “हम हर तरह से झुकने को तैयार हैं। दूसरों द्वारा किए गए अपमान को भी सहने को तैयार हैं। मैंने कभी उनके खिलाफ मंच पर, मीडिया में या पीठ पीछे एक शब्द नहीं कहा। एक आदमी (चंद्रशेखर) साथ जुड़कर काम करने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन अगर आपने ही अपने दल का दरवाजा बंद कर दिया है, तो हम कैसे जुड़ सकते हैं?”

‘सिर्फ सांसद बनना होता, तो किसी भी दल में चला जाता’

चंद्रशेखर ने अपनी राजनीतिक विचारधारा को स्पष्ट करते हुए कहा कि अगर उनका लक्ष्य केवल सांसद बनना होता, तो वह किसी भी राजनीतिक दल में शामिल हो सकते थे। उन्होंने कहा, “हमने महापुरुषों की विचारधारा को जिंदा रखने के लिए अपना दल बनाया है। आज कार्यकर्ताओं के संघर्ष से आजाद समाज पार्टी उस मुकाम पर पहुंच गई है जहां हजारों लोग हमारे साथ हैं और अब हमें नजरअंदाज करना किसी के लिए आसान नहीं है।”

‘नेता समाज से होता है, अहंकार छोड़ना होगा’

अपने बयान में नेताओं के अहंकार पर चोट करते हुए आजाद ने कहा, “अगर कोई नेता नहीं चाहता, तो गठबंधन संभव नहीं है। नेताओं के अपने लक्ष्य, अपनी सोच और अपने अहंकार होते हैं। लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि समाज हमेशा नेता से बड़ा होता है। मैं हूं या बहनजी, हम सब इसी समाज की उपज हैं।”

उन्होंने आगे जोड़ा, “जब तक समाज हमारे साथ है, तभी तक हम नेता हैं और हमारा सम्मान है। अगर समाज साथ छोड़ दे, तो शायद परिवार में भी वह सम्मान न मिले, जिसकी हम अपेक्षा करते हैं।”

मायावती ने बताया था BJP की ‘बी टीम’

गौरतलब है कि चंद्रशेखर आजाद सार्वजनिक मंचों से कई बार मायावती के प्रति अपना सम्मान जाहिर कर चुके हैं, लेकिन बसपा सुप्रीमो की तरफ से कभी इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं आई है। इसके उलट, बीते दिनों मायावती ने आजाद समाज पार्टी को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ‘बी टीम’ करार दिया था। मायावती ने यहां तक दावा किया था कि बीजेपी ने ईवीएम (EVM) में गड़बड़ी करवाकर चंद्रशेखर को नगीना से चुनाव जितवाया है।