‘सुनीता ने आपको सबकुछ दिया…’, दिव्या खोसला ने गोविंदा को जमकर सुनाया

7433ab39-3acc-4dd0-952f-9acefb3e650d
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

बॉलीवुड के मशहूर सुपरस्टार गोविंदा (Govinda) अपनी फिल्मों से ज्यादा इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ और कथित अफेयर को लेकर सुर्खियों में हैं। एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के साथ उनके अफेयर की अफवाहों के बीच उनकी पत्नी सुनीता आहूजा लगातार गोविंदा पर निशाना साध रही हैं। हाल ही में सुनीता ने सोशल मीडिया पर जेन-जी (Gen-Z) से समर्थन भी मांगा था।

अब इस पारिवारिक विवाद में बॉलीवुड एक्ट्रेस दिव्या खोसला (Divya Khosla) भी कूद पड़ी हैं। उन्होंने सुनीता आहूजा का पुरजोर समर्थन करते हुए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा-चौड़ा नोट लिखा है, जिसमें उन्होंने गोविंदा को जमकर खरी-खोटी सुनाई है। दिलचस्प बात यह है कि सुनीता ने भी दिव्या की इस स्टोरी को री-शेयर किया है।

‘सुनीता जी ने आपके लिए सब कुछ कुर्बान किया’

दिव्या ने अपने लंबे नोट में गोविंदा को एक सीनियर और सम्मानित एक्टर बताते हुए उनके निजी आचरण पर सवाल खड़े किए। उन्होंने लिखा, “एक महिला के तौर पर सुनीता जी ने आपको अपना सब कुछ दिया। वो आपके लिए हमेशा लॉयल रहीं, आपके बच्चों को संभाला और अपना खुद का कोई करियर नहीं बनाया। आपकी सक्सेस के पीछे असल में वही थीं। आप बाहर सफल जरूर रहे, लेकिन इस सफलता का क्रेडिट सिर्फ आपको नहीं जाता। आखिर एक महिला और क्या कर सकती है?”

धार्मिक जगहों पर गर्लफ्रेंड के साथ दिखने पर उठाया सवाल

गोविंदा को खुली नसीहत देते हुए दिव्या ने लिखा कि हर दूसरे दिन उनका अपनी गर्लफ्रेंड के साथ सार्वजनिक रूप से नजर आना बेहद निराशाजनक है। उन्होंने लिखा, “यदि आपका कोई अफेयर है भी तो कम से कम उसे लोगों के सामने न लाएं। खासकर धार्मिक जगहों पर उसका दिखावा कतई ना करें। और हां, अपनी वाइफ को कातिल ठहराने की साजिश रचना किसी भी कायर आदमी की सबसे नीच हरकत हो सकती है।”

’58 की उम्र में पत्नी को मिल रहा है स्ट्रगल’

दिव्या ने सुनीता आहूजा के उस दर्द का भी जिक्र किया, जब उन्होंने समाज से मदद मांगी थी। दिव्या ने दुख जताते हुए लिखा, “सुनीता जी ने जिस इंसान के लिए अपनी पूरी उम्र कुर्बान कर दी, आखिर उन्हें बदले में क्या मिला? इस उम्र में भी उन्हें बतौर पत्नी अपनी बुनियादी जरूरतों और सम्मान के लिए स्ट्रगल करना पड़ रहा है। 58 साल की उम्र में जब महिलाओं को दादी-नानी बन जाना चाहिए और पति के साथ सुकून से बुढ़ापा बिताना चाहिए, तब उन्हें यह सब झेलना पड़ रहा है। सुनीता जी, मैं आपके दर्द को समझती हूं।”

नोट के अंत में गोविंदा से गहरी निराशा जताते हुए दिव्या ने लिखा, “गोविंदा जी आप एक लीजेंड हैं। मेरी आपसे गुजारिश है कि आपकी इज्जत अब आपके अपने हाथों में है। आप नई जनरेशन्स के लिए एक बुरी मिसाल पेश कर रहे हैं। आप मेरी नजर में अपनी पूरी इज्जत खो चुके हैं।”