शूटिंग में भारत का पहला गोल्ड, कमलजीत-सुरुचि ने बनाया एशियन रिकॉर्ड

gold
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

एशियन गेम्स 2026 में भारत ने शूटिंग में अपना दूसरा स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम कर लिया है। 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड पर निशाना साधा है। इन खेलों में भारत का यह कुल दूसरा गोल्ड मेडल है, जबकि इससे पहले पहला गोल्ड भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीता था। इस जीत के साथ ही एशियन गेम्स में भारत के कुल मेडलों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है।

कमलजीत और सुरुची का दमदार प्रदर्शन

निशानेबाजी के इस रोमांचक मुकाबले में भारत की ओर से कमलजीत सिंह और सुरुची की जोड़ी ने कुल 484.6 का स्कोर बनाया। भारतीय जोड़ी ने शुरुआत से ही अपनी बढ़त मजबूत कर ली थी, लेकिन दक्षिण कोरियाई टीम लगातार उन पर दबाव बनाए हुए थी।

मुकाबले के दौरान एक समय कोरियाई टीम ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन भारतीय निशानेबाजों ने दबाव में कोई बड़ी गलती नहीं की। अंत में भारत ने दक्षिण कोरिया को 6.6 अंकों के अंतर से मात देकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। दक्षिण कोरिया का कुल स्कोर 478.0 रहा, जबकि ईरान ने 415.8 के स्कोर के साथ तीसरा स्थान हासिल करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

रोमांचक फाइनल मुकाबले का हाल

कमलजीत और सुरुची ने क्वालीफिकेशन राउंड से ही बेहतरीन लय दिखाई थी और पहला स्थान हासिल किया था। फाइनल मुकाबले के पहले चरण में ही भारतीय जोड़ी ने दक्षिण कोरिया पर 4.9 अंकों की मजबूत बढ़त बना ली थी।

हालांकि, दूसरी सीरीज में कोरियाई खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए भारत की बढ़त को घटाकर महज 1.2 अंक पर ला दिया था। इसके बाद मुकाबला काफी कड़ा हो गया था। एक वक्त भारत की बढ़त बढ़कर 7.2 अंक तक पहुंच गई थी, लेकिन आखिरी पलों में दबाव के बीच सुरुची ने 10.5 और कमलजीत ने 9.5 का स्कोर किया। अंत में मजबूत बढ़त के दम पर भारतीय जोड़ी ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

भारत के पास अब तक 19 मेडल

2026 एशियन गेम्स में भारत का प्रदर्शन लगातार शानदार चल रहा है। कमलजीत और सुरुची के स्वर्ण पदक के अलावा, भारत ने मेंस 50 मीटर राइफल 3 पोजीशंस इवेंट में सिल्वर मेडल भी अपने नाम किया है। इन नए पदकों के साथ अब भारत के खाते में कुल 2 गोल्ड, 8 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज सहित कुल 19 मेडल हो गए हैं।