Viral Video: नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ मामले में 3 गिरफ्तार, NCW सख्त

jamui
आलोक सिंह
आलोक सिंह

बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर सरेराह अभद्रता और छेड़छाड़ करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जमुई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस गंभीर घटना पर राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) और राज्य महिला आयोग ने भी कड़ा संज्ञान लिया है।

‘बच्चा हैं, जाने दीजिए…’: क्या है पूरा मामला?

यह शर्मनाक घटना जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव (लखीसराय और जमुई की सीमा के पास) की बताई जा रही है।

वायरल वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार एक लड़के और लड़की को रास्ते में कुछ मनचले रोक लेते हैं। इसके बाद लड़की के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की जाती है, जबकि उसके पुरुष साथी के साथ भी मारपीट होती है। वीडियो में पीड़ित लड़की वहां मौजूद लोगों से हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगते हुए कह रही है, “बच्चा हैं, जाने दीजिए। अब कभी नहीं आएंगे।” इसके बावजूद आरोपी उन्हें घेरकर प्रताड़ित करते रहते हैं।

राष्ट्रीय और राज्य महिला आयोग सख्त

इस घटना का संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहतकर ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखा है। NCW ने निर्देश दिए हैं कि:

  • वीडियो फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों की तुरंत पहचान कर गिरफ्तारी की जाए।

  • पीड़ितों को पूरी सुरक्षा, कानूनी सहायता और मनोवैज्ञानिक परामर्श (काउंसलिंग) उपलब्ध कराई जाए।

  • सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस आपत्तिजनक वीडियो के आगे शेयर किए जाने पर तत्काल रोक लगाई जाए।

  • आयोग ने 7 दिनों के भीतर डीजीपी से विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) भी तलब की है।

वहीं, बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने बताया कि उन्होंने जमुई के जिलाधिकारी (DM) से बात की है। डीएम ने आश्वस्त किया है कि मामले में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है। अध्यक्ष ने कहा कि वह जमुई के एसपी से भी पत्राचार कर आगे की कार्रवाई की जानकारी लेंगी।

पुलिस की जांच और कार्रवाई

जमुई के पुलिस अधीक्षक (SP) विश्वजीत दयाल ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले पीड़िता की पहचान की और उसका बयान दर्ज किया। बयान में सामने आया कि यह घटना 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे की है।

एसपी ने बताया कि वीडियो के फ्रेम में 6 से 7 लोग दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद अब तक तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है और वीडियो में नजर आ रहे अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।