यश बनकर किया प्यार, पोल खुलने पर कार से घसीटा, शाहनवाज गिरफ्तार

lucknow
महेंद्र सिंह
महेंद्र सिंह

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने एक युवती को कार से टक्कर मारने और बोनट पर घसीटने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है। इस खौफनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की थी। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी और पीड़िता अनामिका पहले से एक-दूसरे को जानते थे। आरोप है कि शाहनवाज ने अपनी असली पहचान छिपाकर और खुद को ‘यश ठाकुर’ बताकर युवती के साथ कथित प्रेम संबंध बनाए थे।

दूसरी लड़कियों के साथ देखने पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब अनामिका सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क के पास चाय पीने गई थी। वहां उसने शाहनवाज को अपनी कार से पहुंचते देखा। आरोप है कि कार में शाहनवाज के साथ कुछ अन्य लड़कियां भी मौजूद थीं। अनामिका ने उसे रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों के बीच सड़क पर ही तीखी बहस हुई। कथित तौर पर इसी विवाद के वक्त अनामिका को शाहनवाज की असली पहचान का पता चला और उसने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

बोनट पर 300 मीटर तक घसीटा 

घटना के वायरल वीडियो में युवती कार की बोनट पर दिखाई दे रही है और कार आगे बढ़ने पर वह घिसटती नजर आती है। एक चश्मदीद के मुताबिक, अनामिका अपनी स्कूटी से मौके पर पहुंची थी और कार को आगे बढ़ने से रोकने के लिए उसके सामने खड़ी हो गई थी। आरोप है कि चालक ने जानबूझकर तेजी से कार बढ़ा दी और युवती को करीब 200 से 300 मीटर तक घसीटता ले गया। वीडियो में आसपास मौजूद लोग कार को रोकने के लिए चिल्लाते, उसका पीछा करते और कार पर पत्थर फेंकते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।

नंबर प्लेट से हुई पहचान, पीड़िता CHC रेफर

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की और शाहनवाज को धर दबोचा। घटना के बाद मौके से फरार हुए आरोपी से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस ने पीड़िता अनामिका को मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेज दिया है। पुलिस अब घटना की सटीक परिस्थितियों, दोनों के बीच हुए पुराने विवाद और वायरल वीडियो से जुड़े सभी तथ्यों की कानूनी पड़ताल कर रही है।