नेतन्याहू के मेकअप और हेयरस्टाइल पर खर्च हुए करोड़ों, RTI में खुलासा

इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने पिछले करीब सात सालों में हेयर स्टाइलिंग, मेकअप और आधिकारिक प्रतिनिधित्व (रिप्रेजेंटेशन) की सुविधाओं पर 4.49 करोड़ रुपये (करीब 4 लाख 70 हजार डॉलर) खर्च किए हैं। यह जानकारी एक आरटीआई (RTI) रिपोर्ट के जरिए सार्वजनिक हुई है।
इस भारी-भरकम रकम का लगभग 90 फीसदी हिस्सा प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू के हेयर स्टाइलिंग और मेकअप से जुड़ा है। युद्ध और सुरक्षा चुनौतियों से जूझ रहे इजरायल में टैक्सपेयर्स के पैसों के इस तरह खर्च होने का आंकड़ा सामने आने के बाद बहस छिड़ गई है।
जनवरी 2019 से अगस्त 2026 तक का ब्योरा
एक वकील की ओर से दाखिल की गई ‘फ्रीडम ऑफ इंफॉर्मेशन’ याचिका के जवाब में इजरायल सरकार ने आधिकारिक रूप से यह डेटा जारी किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2019 से अगस्त 2026 के बीच यह रकम खर्च की गई है। इस कुल खर्च में आधिकारिक इवेंट्स से जुड़े कुछ अन्य खर्चे भी शामिल हैं, लेकिन इसमें सबसे बड़ा हिस्सा हेयर और मेकअप का ही है। इस पूरी अवधि के ज्यादातर समय नेतन्याहू ही प्रधानमंत्री पद पर काबिज रहे हैं, जिसके कारण इस खर्च का सबसे बड़ा हिस्सा उन्हीं से जुड़ा है।
सत्ता में वापसी के बाद बढ़ा खर्च का ग्राफ
सार्वजनिक किए गए रिकॉर्ड से स्पष्ट होता है कि बेंजामिन नेतन्याहू के दोबारा प्रधानमंत्री बनने के बाद इन खर्चों में तेज इजाफा हुआ है। साल 2023 में मेकअप और रिप्रेजेंटेशन का खर्च लगभग 98 लाख रुपये दर्ज किया गया था। साल 2025 में यह आंकड़ा अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया, जब सरकार ने इन मदों पर 1.06 करोड़ रुपये सालाना खर्च किए।
पूर्व प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल का भी जिक्र
इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय की इस रिपोर्ट में सिर्फ नेतन्याहू का कार्यकाल ही नहीं, बल्कि नफ्ताली बेनेट और येर लैपिड जैसे पूर्व प्रधानमंत्रियों के दौर के खर्च का भी ब्योरा दिया गया है। आंकड़ों से पता चलता है कि अलग-अलग सरकारों के दौरान यह खर्च घटता-बढ़ता रहा, लेकिन मौजूदा नेतन्याहू कार्यकाल में यह सबसे अधिक रहा है।
देश में चल रहे लंबे युद्ध और आर्थिक दबाव के बीच सरकारी खर्च और पारदर्शिता की यह रिपोर्ट सामने आने के बाद अब टैक्सपेयर के पैसों के इस्तेमाल पर सीधे सवाल उठ रहे हैं।
