CM भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में निर्दलीयों ने मारी बाजी

bhajan sharma
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के नतीजों में निर्दलीय उम्मीदवारों का दबदबा देखने को मिला है। जिले के कुल 235 वार्डों के लिए हुई मतगणना में निर्दलीयों ने 152 वार्डों में जीत दर्ज की है। वहीं, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खाते में 66 वार्ड आए हैं, जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस महज 15 वार्डों पर सिमट गई है। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी (BSP) और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) को एक-एक वार्ड में जीत मिली है।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जिले के सभी निकायों में मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करा ली गई है।

भरतपुर नगर निगम: 65 में से 36 वार्डों पर निर्दलीय काबिज

जिले की सबसे प्रमुख सीट भरतपुर नगर निगम के 65 वार्डों के नतीजों में भी निर्दलीय प्रत्याशियों का पलड़ा भारी रहा। यहां निर्दलीयों ने सबसे अधिक 36 वार्डों में परचम लहराया।

  • निर्दलीय: 36 वार्ड

  • भाजपा: 20 वार्ड

  • कांग्रेस: 07 वार्ड

  • बसपा: 01 वार्ड

  • आरएलपी: 01 वार्ड

नदबई और बयाना नगर पालिका में भी निर्दलीयों की बढ़त

नगर पालिका नदबई के कुल 35 वार्डों में से 25 पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, जबकि भाजपा के 10 प्रत्याशी विजयी रहे। यहां कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल सका।

उधर, बयाना नगर पालिका के 35 वार्डों में से निर्दलीयों ने 22 वार्ड अपने नाम किए। भाजपा को यहां 11 वार्डों में सफलता मिली, जबकि कांग्रेस केवल 2 वार्ड जीतने में कामयाब रही।

वैर और भुसावर में कांग्रेस-बीजेपी दोनों पिछड़ीं

वैर नगर पालिका के 25 वार्डों में निर्दलीयों ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 20 सीटों पर कब्जा किया। यहां भाजपा को 3 और कांग्रेस को 2 वार्डों से संतोष करना पड़ा।

भुसावर नगर पालिका की स्थिति भी ऐसी ही रही। यहां के कुल 25 वार्डों में से 22 पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते, जबकि भाजपा को 2 और कांग्रेस को महज 1 सीट पर जीत मिली।

रूपवास और उच्चैन नगर पालिका के परिणाम

रूपवास नगर पालिका के 25 वार्डों में से 14 वार्ड निर्दलीयों के खाते में गए। भाजपा ने यहां 9 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के 2 उम्मीदवार विजयी हुए।

वहीं, उच्चैन नगर पालिका के 25 वार्डों के परिणाम में निर्दलीयों और भाजपा के बीच मुकाबला अपेक्षाकृत नजदीकी रहा। यहां निर्दलीय प्रत्याशियों ने 13 वार्ड जीते, जबकि भाजपा ने 11 वार्डों पर जीत हासिल की। कांग्रेस को यहां केवल 1 वार्ड में जीत मिल सकी।