UPPCS Prelims 2026: 6 दिसंबर से पहले अपनाएं 5 रणनीतियां

0ac574e2-3dbf-4cf7-bc6e-49277ec1773b
Prabhash Bahadur Civil Services Mentor
Prabhash Bahadur Civil Services Mentor

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की प्रारंभिक परीक्षा 2026 की तारीख 6 दिसंबर तय है। परीक्षा में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, ऐसे में उम्मीदवारों के लिए सिर्फ किताबें पढ़ना काफी नहीं है। पिछले कुछ वर्षों के प्रश्नपत्रों (PYQs) के विश्लेषण से साफ है कि आयोग अब सीधे तथ्यों के बजाय अवधारणा, समसामयिक घटनाओं और विकल्पों के बीच सूक्ष्म अंतर वाले प्रश्न पूछ रहा है। परीक्षा की तैयारी से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार, इस बचे हुए समय में अभ्यर्थियों को अपनी रणनीति में 5 बड़े बदलाव करने की जरूरत है।

‘हाई-यील्ड’ सिलेबस पर करें फोकस

विशेषज्ञ पूरा सिलेबस कवर करने की जिद छोड़ने और ‘हाई-यील्ड सिलेबस’ तैयार करने की सलाह देते हैं। विषयों को तीन श्रेणियों- A (लगातार पूछे जाने वाले), B (संभावित) और C (कम पूछे जाने वाले) में बांट लें। इतिहास, राजनीति और भूगोल जैसे विषयों में सिर्फ टॉपिक का नाम न देखें, बल्कि यह समझें कि आयोग कालक्रम, साहित्य या संस्थाओं से जुड़े सवाल कैसे पूछ रहा है। एक सफल अभ्यर्थी का असली सिलेबस आधिकारिक सिलेबस और पिछले वर्षों के प्रश्नों के पैटर्न का मिश्रण होना चाहिए।

स्टेटमेंट बेस्ड सवालों के लिए बदलें अप्रोच

पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों और विशेषकर 2025 के ट्रेंड के आधार पर, स्टेटमेंट या कोड-आधारित सवालों की संख्या तेजी से बढ़ी है। अब किसी तथ्य को वन-लाइनर की तरह रटना नुकसानदेह हो सकता है। उदाहरण के लिए, किसी नदी को पढ़ते समय सिर्फ उसका उद्गम याद रखना काफी नहीं है। उसकी सहायक नदियां, संबंधित राज्य, परियोजनाएं और हालिया करंट अफेयर्स को भी जोड़ना होगा। अभ्यर्थी को खुद से पूछना चाहिए कि एक तथ्य से चार सही-गलत कथन कैसे बनाए जा सकते हैं।

करेंट अफेयर्स को स्टैटिक हिस्से से जोड़ें

करेंट अफेयर्स को अलग विषय मानकर आखिरी समय में रटने की रणनीति अब कारगर नहीं है। इसे हर विषय के साथ इंटीग्रेट (integrate) करना जरूरी है। अगर किसी नए रामसर स्थल (Ramsar Site) को मान्यता मिली है, तो केवल उसका नाम न पढ़ें। इसके साथ ही रामसर कन्वेंशन, भारत और विशेषकर यूपी में मौजूद साइट्स और उनकी भौगोलिक विशेषताओं को भी रिवाइज करें। इससे एक ही खबर से 5-10 संभावित प्रश्नों की तैयारी हो जाती है।

मॉक टेस्ट को बनाएं डायग्नोस्टिक टूल

हर रविवार 150 प्रश्नों का फुल-लेंथ मॉक टेस्ट परीक्षा के माहौल में देना आवश्यक है, लेकिन इसका मकसद सिर्फ स्कोर चेक करना नहीं होना चाहिए। टेस्ट के बाद चार डेटा निकालें- कितने सवाल बिल्कुल नहीं आते थे, कितने एलिमिनेशन (elimination) से सही हुए, कितने आते हुए गलत हो गए और कितने समय की कमी से छूटे। अगर सवाल आते हुए गलत हो रहे हैं, तो अटेम्प्ट डिसिप्लिन सुधारने की जरूरत है। इन आंकड़ों के आधार पर ही अगले सप्ताह की पढ़ाई तय होनी चाहिए।

एग्जाम हॉल के लिए 3-राउंड स्ट्रेटेजी

परीक्षा हॉल में जाने से पहले पेपर हल करने की रणनीति तय होनी चाहिए। मॉक टेस्ट के दौरान 3-राउंड स्ट्रेटेजी का अभ्यास करें। पहले राउंड में वो सवाल करें जिनके उत्तर शत-प्रतिशत स्पष्ट हैं। दूसरे राउंड में एलिमिनेशन वाले प्रश्न लें, जहां दो विकल्प हटाए जा सकते हैं। हाई-रिस्क वाले सवाल, जहां नॉलेज कमजोर है, उन्हें तीसरे राउंड के लिए छोड़ें। 120 सवालों का अटेम्प्ट कोई जादुई आंकड़ा नहीं है। हर अभ्यर्थी को मॉक टेस्ट के जरिए अपनी एक्यूरेसी के हिसाब से अपनी ‘मैक्सिमम सेफ अटेम्प्ट रेंज’ खुद तलाशनी होगी।

6 दिसंबर की परीक्षा करीब आते-आते नई किताबें पढ़ने से ज्यादा महत्व रिवीजन, रिकॉल और एक्यूरेसी का हो जाता है। प्रारंभिक परीक्षा में सफलता इस बात से तय नहीं होगी कि अभ्यर्थी ने किताबों का कितना बड़ा ढेर पढ़ा है, बल्कि इस बात पर निर्भर करेगी कि वह उपलब्ध 150 प्रश्नों में से अपने लिए सही प्रश्नों का चुनाव कितने बेहतर तरीके से करता है।

अधिक जानकारी के लिए इसे स्कैन करें।