5,000 अमेरिकी सैनिक पहुंचे पटाया, सेक्स वर्कर्स पर क्यों हुई कार्रवाई?

usa army
अजमल शाह
अजमल शाह

बैंकॉक/पटाया: लंबे समय तक मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में ईरान के खिलाफ अमेरिकी और इजरायली अभियानों में तैनात रहने के बाद अमेरिकी नौसेना का अत्याधुनिक जंगी जहाज ‘यूएसएस अब्राहम लिंकन’ थाईलैंड के मशहूर पर्यटन शहर पटाया पहुंच गया है। बुधवार को लाम चाबांग बंदरगाह पर पहुंचे इस विमानवाहक पोत और दो अन्य जहाजों पर करीब 5,000 नौसैनिक मौजूद हैं।

200 से अधिक दिनों तक लगातार समुद्र में रहने के बाद इन सैनिकों को आराम करने का मौका मिलेगा। अमेरिकी सैनिकों के आने से पटाया के कारोबारियों को अर्थव्यवस्था में उछाल की उम्मीद है, लेकिन इसी बीच स्थानीय प्रशासन ने शहर के कुछ इलाकों में ‘सेक्स टूरिज्म’ पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने क्यों तेज की छापेमारी?

पटाया पुलिस ने अमेरिकी सैनिकों के पहुंचने से पहले मुख्य समुद्र तट और नाइटलाइफ इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले वीकेंड पुलिस की छापेमारी में देह व्यापार के शक में 40 से 50 लोगों को हिरासत में लिया गया था।

पटाया के पुलिस प्रमुख अनेेक श्रीथोंगयू का कहना है, “हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह मुश्किल काम है।” दरअसल, पुलिस को आशंका है कि बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिकों की मौजूदगी में सेक्स वर्कर सार्वजनिक जगहों पर ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश कर सकते हैं। हालांकि थाईलैंड में वेश्यावृत्ति गैरकानूनी है, लेकिन बैंकॉक और पटाया जैसे पर्यटन केंद्रों में यह उद्योग खुले तौर पर संचालित होता है।

पटाया के नाइटलाइफ कारोबार को उछाल की उम्मीद

कभी मछुआरों का छोटा सा गांव रहा पटाया, वियतनाम युद्ध के दौरान अमेरिकी सैनिकों के आराम और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बन गया था। अब एक बार फिर पटाया को इन सैनिकों से बड़ी आर्थिक उम्मीदें हैं।

पटाया के मेयर पोरा मासे नगामफिचेस के अनुसार, हर अमेरिकी सैनिक रोजाना करीब 1,000 से 3,000 थाई बाट (लगभग 30 से 91 डॉलर) खर्च कर सकता है। वहीं, पटाया नाइटलाइफ बिजनेस एसोसिएशन की अध्यक्ष लिसा हैमिल्टन ने कहा, “यह साल हमारे लिए काफी धीमा रहा है, लेकिन अमेरिकी युद्धपोत के रुकने की खबर से कारोबारियों में उम्मीद जगी है।”

यौन शोषण और बीमारियों का बढ़ा खतरा

जहां एक तरफ आर्थिक फायदे की बात हो रही है, वहीं विशेषज्ञ इसके नकारात्मक पहलुओं को लेकर भी चिंतित हैं। बैंकॉक यूनिवर्सिटी के एसोसिएट प्रोफेसर पिपाटपोंग फकफारे ने कहा, “बड़ी संख्या में ग्राहकों के आने से यौन शोषण और यौन संचारित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है।” करीब एक दशक पहले अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने भी पटाया को “दुनिया के प्रमुख सेक्स टूरिज्म केंद्रों में से एक” बताया था।

सैनिकों के मानसिक स्वास्थ्य पर चिंता

डेमोक्रेटिक सांसदों के मुताबिक, ‘यूएसएस अब्राहम लिंकन’ ने आधुनिक समय में लगातार सबसे ज्यादा दिनों तक समुद्र में तैनात रहने का रिकॉर्ड बनाया है। जहाज नवंबर में सैन डिएगो से रवाना हुआ था। इतनी लंबी और तनावपूर्ण तैनाती के कारण जहाज पर सैनिकों के मानसिक स्वास्थ्य और गिरते मनोबल को लेकर भी गंभीर चिंताएं सामने आई हैं। हाल ही में सैन्य वेबसाइटों ने जहाज पर आत्महत्या के प्रयासों की खबरें भी रिपोर्ट की थीं।

विशेषज्ञों का मानना है कि इन तनावग्रस्त सैनिकों के पटाया पहुंचने से सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियां और बढ़ सकती हैं।