UP के 6 जिलों में स्कूल बंद, दिल्ली में येलो अलर्ट; जानें मौसम का हाल

Weather Alert
शकील अहमद सैफी
शकील अहमद सैफी

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल, अवध और बुंदेलखंड क्षेत्रों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी को देखते हुए 2 सितंबर को यूपी के मिर्जापुर, चंदौली और भदोही समेत छह जिलों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में भी मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

यूपी: बाढ़ के हालात और स्कूलों में छुट्टी

उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल के कई जिलों में भारी बारिश के मद्देनजर ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिलाधिकारियों ने 2 सितंबर को मिर्जापुर, चंदौली, भदोही, हरदोई, जौनपुर और सोनभद्र में स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। लगातार बारिश से प्रयागराज और चित्रकूट जैसे जिलों में बाढ़ के हालात बन गए हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बंटा हुआ है। पश्चिमी यूपी के नोएडा और गाजियाबाद में फिलहाल बारिश नहीं हो रही है, लेकिन बुंदेलखंड, पूर्वांचल, रुहेलखंड और कानपुर व लखनऊ समेत अवध क्षेत्र में तेज बारिश लगातार जारी है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। पूर्वी यूपी में 3 से 5 सितंबर के बीच बारिश और 6-7 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट है।

दिल्ली-NCR का मौसम

राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और सुबह से लेकर शाम तक बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो-तीन दिनों तक दिल्ली का मौसम खुशगवार बना रहेगा। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम जैसे एनसीआर के इलाकों में भी अगले दो दिन बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी राज्यों में अलर्ट

पहाड़ी राज्यों से लेकर उत्तर भारत के कई मैदानी इलाकों में भी बारिश का पूर्वानुमान है:

  • जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश: 5 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना।

  • उत्तराखंड: 7 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट।

  • दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़: 2 से 4 सितंबर के बीच तेज बारिश और 5 सितंबर तक बारिश के आसार।

  • राजस्थान: पूर्वी राजस्थान में 1 से 7 सितंबर और पश्चिमी राजस्थान में 3 से 7 सितंबर तक बारिश का अलर्ट।

मध्य प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों का पूर्वानुमान

मध्य भारत और पूर्वी राज्यों में भी आने वाले दिनों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा।

  • मध्य प्रदेश: पश्चिमी मध्य प्रदेश में 2 और 6 सितंबर को बारिश हो सकती है। रीवा और सतना समेत पूर्वी एमपी में 5 से 7 सितंबर के बीच बारिश के आसार हैं। पूरे राज्य में 6-7 सितंबर को बारिश का अलर्ट है।

  • छत्तीसगढ़: 5 से 7 सितंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है।

  • महाराष्ट्र: विदर्भ क्षेत्र में 2 से 4 सितंबर के बीच आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

  • बिहार, झारखंड और ओडिशा: बिहार और झारखंड में 2 और 3 सितंबर को तेज बारिश होने का अनुमान है। बारिश का यह दौर झारखंड और ओडिशा में 5 सितंबर तक, जबकि बिहार में 6 सितंबर तक जारी रहेगा।