जुएल ओराम का आरोप: ‘मुझे कैबिनेट से हटवाने के लिए BJP में साजिश’

jual-oram
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

नई दिल्ली :  केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री और वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता जुएल ओराम ने ओडिशा की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। उन्होंने अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल से बाहर करवाने के लिए BJP के भीतर ही एक साजिश रची जा रही है। सुंदरगढ़ से छह बार के सांसद ओराम का कहना है कि उनके विरोधी उनकी राजनीतिक साख को नुकसान पहुंचाने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।

सहयोगी की गिरफ्तारी से जुड़ा है पूरा विवाद

यह पूरा राजनीतिक घटनाक्रम केंद्रीय मंत्री के करीबी सहयोगी राकेश पासवान की राउरकेला में हुई गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ है। पुलिस ने पासवान को एक सरकारी गेस्ट हाउस में अपराधियों को पनाह देने और संगठित अपराध में शामिल होने के आरोप में हिरासत में लिया है। हालांकि, राकेश पासवान ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

शुरुआत में जुएल ओराम ने इस पुलिसिया कार्रवाई पर कहा था कि कानून को अपना काम करने देना चाहिए और कानूनी कार्रवाई पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन कुछ ही समय बाद उनके रुख में बदलाव आया और उन्होंने अपनी ही पार्टी के एक विरोधी गुट पर मोर्चा खोल दिया।

‘मंत्री बनने की चाह में पानी की तरह बहा रहे पैसा’

जुएल ओराम ने दावा किया कि पार्टी के कुछ नेता उन्हें बदनाम करने के लिए पानी की तरह पैसा बहा रहे हैं। उनके मुताबिक, इन नेताओं को लगता है कि अगर जुएल ओराम को केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटा दिया गया, तो उनके लिए मंत्री पद का रास्ता साफ हो जाएगा।

इस राजनीतिक खींचतान के बीच ओराम ने अपना एक पुराना फैसला भी पलट दिया है। पहले वह अगला चुनाव नहीं लड़ने का मन बना चुके थे, लेकिन अब उन्होंने ऐलान किया है कि वे 2029 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और चुनावी मैदान में उतरकर अपने राजनीतिक विरोधियों का सीधा सामना करेंगे। ओराम ने बताया कि उन्होंने अपने खिलाफ चल रहे कथित दुष्प्रचार की शिकायत ओडिशा भाजपा के संगठन महामंत्री से की है और वे साजिशकर्ताओं की पहचान करना चाहते हैं।

‘हाथ काटने की क्षमता रखता हूं’

साजिश के आरोपों के बीच केंद्रीय मंत्री ने एक ऐसा विवादित बयान दिया, जिसने राजनीतिक तापमान को और बढ़ा दिया। ओराम ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ कठोर कदम उठाने और उनके ‘हाथ काटने’ की क्षमता भी उनमें है।

BJD और कांग्रेस ने BJP की गुटबाजी को घेरा

केंद्रीय मंत्री के अपनी ही पार्टी पर लगाए गए आरोपों और हिंसक बयान के बाद मुख्य विपक्षी दल बीजू जनता दल (BJD) और कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

BJD नेता प्रमिला मलिक ने कहा कि जुएल ओराम राज्य के बड़े आदिवासी नेता हैं और उनका यह बयान दिखाता है कि भाजपा के भीतर अंदरूनी गुटबाजी और मतभेद कितने गहरे हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता जनता के लिए काम करने के बजाय आपस में ही उलझे हुए हैं।

वहीं, ओडिशा कांग्रेस के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने ओराम की भाषा को बेहद कड़ा और असंसदीय करार दिया। उन्होंने कहा कि गांधी के देश और भारत के लोकतंत्र में हिंसक बयानों के लिए कोई जगह नहीं है।