CM शुभेंदु अधिकारी का ऐलान, बोले- ‘जादवपुर यूनिवर्सिटी में लहराएगा भगवा’

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के शिक्षण संस्थानों में लंबे समय से रुकी हुई छात्र राजनीति एक बार फिर सक्रिय होने जा रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जल्द छात्र संघ चुनाव कराने का ऐलान किया है। जादवपुर विश्वविद्यालय के बाहर आयोजित एक कार्यक्रम के बाद उन्होंने यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने आगामी चुनावों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की जीत का दावा करते हुए जादवपुर विश्वविद्यालय से वामपंथी ताकतों को पूरी तरह उखाड़ फेंकने का संकल्प दोहराया है।
15 वर्षों के शासनकाल के बाद चुनावों की तैयारी
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 15 वर्षों के शासनकाल के दौरान राज्य के अधिकांश उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी और अन्य विपक्षी दल लगातार लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बहाल करने की मांग उठाते रहे हैं। बनर्जी ने आरोप लगाया था कि राज्य सरकार चुनाव कराने को लेकर कोई ठोस पहल नहीं कर रही है। अब मुख्यमंत्री की ओर से चुनाव जल्द कराने के ऐलान के बाद छात्र राजनीति को लेकर नई राजनीतिक बहस शुरू हो गई है।
जादवपुर तक पहुंचेगा ‘राष्ट्रवादी जागरण’
जादवपुर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर जनसभा को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि जेएनयू (JNU), दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU), हैदराबाद यूनिवर्सिटी और उस्मानिया यूनिवर्सिटी जैसे परिसरों में जो राष्ट्रवादी जागरण हुआ है, वह अब जादवपुर यूनिवर्सिटी तक भी पहुंचेगा। परिसर में जारी एबीवीपी के प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रवादी बदलाव को कोई नहीं रोक पाएगा और कॉलेजों में भगवा झंडा फहराएगा।
19 और 20 अगस्त की झड़प के बाद बढ़ा तनाव
जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर में छात्र संघ चुनाव की मांग उस समय और तेज हो गई, जब 19 और 20 अगस्त को वामपंथी छात्र संगठनों और एबीवीपी के बीच हिंसक झड़प हुई। इस टकराव के दौरान प्रसिद्ध कलाकार नंदलाल बोस के निर्देशन में बने ऐतिहासिक प्रतीक चिह्न को नुकसान पहुंचा था, जिसे बाद में फिर से स्थापित किया गया। इस घटना के बाद से ही परिसर में छात्र संगठनों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
ड्रोन से रखी जाएगी नजर, पूर्व छात्रों को हॉस्टल खाली करने की चेतावनी
परिसर की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी है। राज्य सरकार जादवपुर विश्वविद्यालय की निगरानी बढ़ाएगी और नशीले पदार्थों की तस्करी तथा खपत (Drug Trafficking and Consumption) पर रोक लगाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा, अधिकारी ने उन पूर्व छात्रों पर भी सवाल उठाए हैं जिन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी होने के बावजूद हॉस्टल खाली नहीं किए हैं। उच्च शिक्षा विभाग इस पूरी स्थिति और हॉस्टल व्यवस्था पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
