अरे गज़ब! प्रेमी ने लीक कराया पेपर, ब्रेकअप हुआ तो खुद ही खोल दी पोल

मुंबई: महाराष्ट्र में ड्रग इंस्पेक्टर (Drug Inspector) परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में एक बेहद हैरान करने वाली कहानी सामने आई है। इस पूरे घोटाले के पीछे एक प्रेम प्रसंग और उसके बाद हुए ब्रेकअप (Breakup) का हाथ बताया जा रहा है।
आरोप है कि एक युवक ने अपनी प्रेमिका को परीक्षा में पास कराने के लिए पेपर लीक की व्यवस्था की। जब प्रेमिका ने परीक्षा पास कर ली और दोनों का ब्रेकअप हो गया, तो गुस्से में आकर प्रेमी ने खुद ही महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) को पेपर लीक की पूरी जानकारी दे दी। इस खुलासे के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मार्च में हुई थी परीक्षा, जुलाई में आया रिजल्ट और फिर हुआ रद्द
महाराष्ट्र में ड्रग इंस्पेक्टर की परीक्षा महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) द्वारा 22 मार्च को आयोजित की गई थी। जुलाई में इस परीक्षा का परिणाम भी जारी कर दिया गया। लेकिन रिजल्ट आने के कुछ समय बाद ही पेपर लीक होने की पुख्ता जानकारी सामने आ गई, जिसके बाद आयोग को मजबूरन परीक्षा रद्द करनी पड़ी।
आयोग ने इस गंभीर मामले की शिकायत मुंबई पुलिस से की, जिसके बाद जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई। क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजतिलक रौशन के नेतृत्व में हुई जांच में इस बड़े घोटाले से पर्दा उठा।
प्यार, धोखा और पर्दाफाश: प्रेमी ने कैसे जुटाया पेपर?
क्राइम ब्रांच के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गौरव राजेंद्र पाटिल नाम का युवक भी शामिल है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गौरव का ऋतुजा पाटिल नाम की युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।
अपनी प्रेमिका को ड्रग इंस्पेक्टर की परीक्षा में पास कराने के लिए गौरव ने एक पूरा नेटवर्क खंगाला और कथित तौर पर पेपर की व्यवस्था कर ली। उसने यह पेपर ऋतुजा के साथ-साथ कुछ अन्य लोगों को भी उपलब्ध कराया। योजना सफल रही और ऋतुजा परीक्षा में पास हो गई। हालांकि, पास होने के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्ते में दरार आ गई और उनका ब्रेकअप हो गया।
ब्रेकअप का बदला: आयोग को भेज दी पूरी जानकारी
पुलिस के मुताबिक, ब्रेकअप से नाराज गौरव पाटिल ने बदला लेने की ठानी। गुस्से में आकर उसने महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग को एक गुमनाम शिकायत के जरिए परीक्षा के पेपर लीक होने और उसमें शामिल लोगों की पूरी जानकारी दे दी। इस एक जानकारी ने पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया।
ये 6 आरोपी हुए गिरफ्तार, युवती के पिता भी शामिल
डीसीपी राजतिलक रौशन ने बताया कि मामले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वेश्वर दत्तात्रय नकाते, गोपाल भटु मराठे, अभिजित गणपतराव लेंडवे, प्रवीण दिलीप पाटिल, गौरव राजेंद्र पाटिल (प्रेमी) और अमृत नामदेव पाटिल के रूप में हुई है।
हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार अमृत पाटिल, पास होने वाली युवती ऋतुजा के पिता हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ लोग महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग से भी जुड़े हुए हैं।
क्या है आगे की कार्रवाई?
क्राइम ब्रांच ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया था, जहां से मुंबई की किला कोर्ट ने उन्हें 2 सितंबर तक क्राइम ब्रांच की हिरासत में भेज दिया है। वहीं, इस पूरे विवाद के केंद्र में रही युवती ऋतुजा पाटिल को क्राइम ब्रांच ने पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है।
