उज्जैन में रोबोट ने किया मस्त डांस, देखकर ग्लोबल टाइम्स ने की तारीफ

उज्जैन: मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में एक सैंडविच शॉप के उद्घाटन का अनोखा नजारा सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। यहां किसी सेलिब्रिटी या नेता के बजाय एक चीनी रोबोट ने मुख्य अतिथि के तौर पर दुकान का उद्घाटन किया। गले में भगवा दुपट्टा डालकर भक्ति गानों पर डांस करते इस रोबोट का वीडियो इतना वायरल हुआ कि चीन के सरकारी अखबार ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए इसकी जमकर तारीफ की है।
ग्लोबल टाइम्स ने बताया संस्कृति और इनोवेशन का संगम
चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) समर्थित और चीन के सरकारी अखबार ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने रोबोट के इस वायरल वीडियो को हाथों-हाथ लिया है। ग्लोबल टाइम्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर महाकाल के गानों पर थिरकते इस रोबोट का वीडियो साझा किया। अखबार ने लिखा, “भारत के उज्जैन में एक सैंडविच शॉप की ओपनिंग के दौरान, सिक्योरिटी के साथ शानदार एंट्री करते और डांस करते हुए चीनी यूनिट्री रोबोट का यह वीडियो देखें। यह इनोवेशन और संस्कृति का एक दिलचस्प संगम है।”
कमांडो सुरक्षा और ‘महाकाल भक्त’ का रूप
उज्जैन में दुकान के शुभारंभ के दौरान इस चीनी रोबोट को पूरी तरह से ‘महाकाल भक्त’ का लुक दिया गया था। चीनी रोबोटिक्स कंपनी ‘यूनिट्री’ (Unitree) द्वारा बनाए गए इस रोबोट की एंट्री एक कमांडो सुरक्षा घेरे के बीच हुई।
दुकान पर पहुंचने के बाद रोबोट का बाकायदा तिलक किया गया और उसे गले में भगवा दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। उद्घाटन की रस्मों के बाद रोबोट को दुकान के अंदर घुमाया गया और वहां रखे अलग-अलग सैंडविच दिखाए गए। विधि-विधान से पूजन के बाद रोबोट ने महाकाल के भजनों पर डांस भी किया, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
दुनिया में दबदबा बना रही चीनी कंपनी यूनिट्री
उज्जैन में सुर्खियां बटोरने वाला यह रोबोट चीन की जानी-मानी कंपनी यूनिट्री रोबोटिक्स का उत्पाद है। यह कंपनी मुख्य रूप से इंसानों की तरह दिखने वाले ‘ह्यूमनॉइड’ रोबोट बनाने के लिए दुनिया भर में मशहूर है।
रोबोटिक्स के क्षेत्र में चीन दुनिया को तेजी से मात दे रहा है और यूनिट्री इसका एक बड़ा उदाहरण है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, महज एक हफ्ते पहले ही इस स्टार्टअप कंपनी ने शंघाई के शेयर बाजार में लिस्टिंग कराई है। बाजार में उतरते ही पहले दिन इस कंपनी के शेयर अपने उच्चतम स्तर पर 629 प्रतिशत तक उछल गए थे।
