मोहन भागवत के कार्यक्रम पर विवाद, सिंगर मिलबेन ने ममदानी को घेरा

rss
Jyoti Atmaram Ghag
Jyoti Atmaram Ghag

न्यूयॉर्क: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका दौरे और न्यूयॉर्क के मशहूर मैडिसन स्क्वायर गार्डन (MSG) में उनके प्रस्तावित कार्यक्रम ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने इस कार्यक्रम पर अपनी आपत्ति जताई है। उनके इस विरोध के बाद अफ्रीकी-अमेरिकी सिंगर और एक्ट्रेस मैरी मिलबेन ने आलोचकों पर तीखा हमला बोला है।

मिलबेन ने ममदानी और अन्य विरोधियों को निशाने पर लेते हुए कहा है कि इस कार्यक्रम का विरोध केवल इसलिए किया जा रहा है क्योंकि ये लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के खिलाफ हैं।

मिलबेन का तंज: पूंजीवाद से चलता है MSG

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी बात रखते हुए मैरी मिलबेन ने विरोधियों की राजनीतिक सोच पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि ममदानी और अन्य समाजवादी लोग इस कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं क्योंकि वे समाजवाद की सोच रखते हैं और पूंजीवाद को नहीं समझते।

सिंगर ने स्पष्ट किया कि मैडिसन स्क्वायर गार्डन समाजवादियों की बातों से नहीं, बल्कि पूंजीवाद के हिसाब से चलता है, इसलिए यह कार्यक्रम होकर रहेगा। मिलबेन ने विरोध करने वालों को यह सलाह भी दी कि वे खुद पूंजीवादी बनें, पैसा जुटाएं, MSG किराए पर लें और अपनी एक मोदी विरोधी रैली आयोजित कर लें।

‘वननेस’ थीम और धार्मिक आजादी की उम्मीद

कार्यक्रम के नाम को लेकर भी मिलबेन ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस रैली का नाम ‘वननेस’ (एकता) काफी पसंद आया है, क्योंकि हम सभी एक परिवार हैं। उन्होंने इस आयोजन में भारत में धार्मिक आजादी को लेकर सार्थक बातचीत होने की उम्मीद जताई।

मैरी मिलबेन भारत में अपने गायन के लिए काफी लोकप्रिय हैं। 2023 में वाशिंगटन की रॉनल्ड रीगन बिल्डिंग में प्रधानमंत्री मोदी के भाषण से पहले उन्होंने भारत का राष्ट्रगान गाया था। इसके अलावा उन्हें ‘जन गण मन’ और ‘ओम जय जगदीश हरे’ गाने के लिए भी जाना जाता है।

क्या है ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’?

कार्यक्रम की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, 29 अगस्त को मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले इस आयोजन को “यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन” नाम दिया गया है। शनिवार को होने वाले इस कार्यक्रम में मोहन भागवत भाषण देंगे। आयोजक ‘अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग’ ने बताया है कि इसे कई हिंदू-अमेरिकी संगठनों का समर्थन प्राप्त है। इसका मुख्य उद्देश्य अमेरिका में रहने वाले हिंदू समुदाय को एक साथ लाना, साझा विरासत का जश्न मनाना और अलग-अलग धर्मों के बीच एकता को बढ़ावा देना है।

मेयर ममदानी के विरोध का तर्क

कई स्थानीय संगठनों के साथ न्यूयॉर्क शहर के पहले मुस्लिम और भारतीय-अमेरिकी मेयर जोहरान ममदानी ने इस कार्यक्रम और RSS के इतिहास को लेकर आयोजकों की आलोचना की है। ममदानी ने अपनी असहमति जताते हुए कहा कि जिस धर्मनिरपेक्ष भारत को वे बचपन से जानते हैं, वह अलग-अलग समुदायों के साथ रहने का देश रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आंदोलन का बढ़ना परेशान करने वाला है जिसकी सोच कुछ लोगों को देश से बाहर रखने पर आधारित है। कार्यक्रम रद्द करने के सवाल पर ममदानी ने स्पष्ट किया कि वे इस रैली का समर्थन नहीं करते हैं, लेकिन उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि शहर के पास किसी निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार है या नहीं।