डंपर से टकराकर 50 मीटर तक घिसटी कार, परिवार के 4 लोगों की मौत

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। रामनगर-बाराबंकी हाईवे पर भूलभुलैया गांव के पास रायला ढाबे के सामने तेज रफ्तार डंपर ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डंपर के अगले हिस्से में फंस गई और करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में दंपति, उनके बेटे और बेटी की मौत हुई है, जबकि सात वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल है।
बहन की तबीयत खराब होने पर लखनऊ जा रहा था परिवार
हादसे में जान गंवाने वाले मोहम्मद शरीफ (50) श्रावस्ती जिले के भिनगा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। वह मदरसा अरबिया अनवारुल उलूम में बच्चों को पढ़ाते थे।
बहन की तबीयत खराब थी। इसी सिलसिले में मोहम्मद शरीफ मंगलवार को अपनी पत्नी तबस्सुम बानो (45), बेटे उजैम (25), बेटी रुश्दा (20) और सात वर्षीय बेटी हुदा के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे।
पांचों एक ही कार में सवार थे। रास्ते में मसौली थाना क्षेत्र के रामनगर-बाराबंकी हाईवे पर यह हादसा हो गया।
शीशे तोड़कर बाहर निकाले गए लोग
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों की मदद ली गई। कार के दरवाजे और शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी बड़ागांव ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने मोहम्मद शरीफ, उनकी पत्नी तबस्सुम बानो, बेटे उजैम और बेटी रुश्दा को मृत घोषित कर दिया।
सात वर्षीय हुदा की हालत गंभीर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
