नोएडा में स्वाइन फ्लू के 15 मामले, ICU के 20 बेड तैयार

नोएडा: गौतम बुद्ध नगर में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामलों में बढ़ोतरी के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और इलाज की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में अब तक 15 मामले सामने आने की जानकारी है। कुछ मरीज जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक फिलहाल मरीजों की स्थिति सामान्य है और गंभीर लक्षण नहीं पाए गए हैं।
मामलों को देखते हुए अस्पतालों को जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके, इसके लिए ICU के 20 बेड तैयार रखने की व्यवस्था की गई है।
खांसी-जुकाम के साथ सांस लेने में परेशानी
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक H1N1 संक्रमण में खांसी, जुकाम, नाक से पानी आना और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण नजर आने पर लापरवाही नहीं करने और चिकित्सकीय सलाह लेने की जरूरत है।
स्वास्थ्य विभाग ने मौसम में बदलाव के साथ संक्रमण के मामले बढ़ने की संभावना भी जताई है। सीएमओ के मुताबिक यह मौसमी संक्रमण है और मौसम बदलने के साथ इसके मामलों में कमी आ सकती है।
भीड़भाड़ में मास्क, हाथों की सफाई पर जोर
स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने Hand Hygiene और Respiratory Hygiene पर जोर दिया है। लोगों को नियमित रूप से हाथ साफ रखने की सलाह दी गई है, खासकर ऐसी सतहों को छूने के बाद जिन्हें कई लोग इस्तेमाल करते हैं।
भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने की सलाह भी दी गई है। अगर ऐसी जगह जाना जरूरी हो तो मास्क का इस्तेमाल किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा, घबराने की जरूरत नहीं
स्वास्थ्य विभाग ने फिलहाल स्थिति को सामान्य बताया है। विभाग की अपील है कि लोग पैनिक न करें, लेकिन स्वाइन फ्लू से जुड़े लक्षणों को नजरअंदाज भी न करें।
