VIP एंट्री को लेकर बवाल, BJP विधायक की बेटी ने महिला SI को जड़ा थप्पड़

bjp
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

मांड्या: कर्नाटक के मांड्या जिले के श्रीरंगपटना स्थित एक मंदिर में VIP एंट्री को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। तुमकुरु ग्रामीण से BJP विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या और ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर साविता बी. पाटिल के बीच मारपीट का CCTV फुटेज सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान ऐश्वर्या ने महिला पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मारा। मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है।

घटना 12 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे श्रीरंगपटना क्षेत्र के आरती उक्कड़ा मंदिर परिसर में हुई। उस समय भीमा अमावस्या के धार्मिक आयोजन के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ थी और पुलिस व्यवस्था संभाल रही थी।

गर्भगृह में जाने को लेकर हुआ विवाद

महिला पुलिस अधिकारी की शिकायत के अनुसार, ऐश्वर्या कुछ लोगों और बच्चों के साथ मंदिर पहुंची थीं। आरोप है कि उन्होंने श्रद्धालुओं की कतार के बजाय सीधे गर्भगृह की ओर जाने की कोशिश की।

ड्यूटी पर मौजूद साविता बी. पाटिल ने भीड़ को देखते हुए उन्हें कुछ देर रुकने के लिए कहा। इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। सामने आए CCTV फुटेज में दोनों के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है।

शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान ऐश्वर्या ने पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मारा। इसके बाद पुलिस अधिकारी की ओर से भी हाथापाई हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को अलग किया।

पुलिस ने दर्ज की FIR

घटना के बाद महिला पुलिस अधिकारी ने कैथानहल्ली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ऐश्वर्या के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

ऐश्वर्या की ओर से भी पुलिस अधिकारी के खिलाफ काउंटर शिकायत दी गई है। पुलिस दोनों शिकायतों की जांच कर रही है।

विवाद बढ़ने के बाद BJP विधायक बी. सुरेश गौड़ा ने अपनी बेटी के व्यवहार को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर उनकी बेटी से गलती हुई है या उसने कानून का उल्लंघन किया है तो वह उसके अनुचित आचरण के लिए माफी मांगते हैं।

विधायक ने यह भी कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने धार्मिक स्थलों पर VIP संस्कृति के बजाय सभी श्रद्धालुओं के लिए समान व्यवस्था की पैरवी की।